छत्तीसगढ़ में आंधी-तूफान का अलर्ट: 8 जिलों में तेज हवा और बारिश के आसार, 45 डिग्री गर्मी से अभी राहत नहीं

रायपुर। छत्तीसगढ़ में नौतपा के दूसरे दिन भी भीषण गर्मी और हीटवेव का असर जारी है। प्रदेश के कई जिलों में तापमान 44 से 45 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है। मौसम विभाग ने अगले तीन दिनों तक तेज गर्मी बने रहने की संभावना जताई है, जबकि 29 मई से कई जिलों में आंधी-तूफान, बारिश और वज्रपात का अलर्ट जारी किया गया है।
मंगलवार को प्रदेश का सबसे अधिक तापमान राजनांदगांव में 45.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। वहीं रायपुर में 44.5 डिग्री, दुर्ग में 44.7 डिग्री, बिलासपुर में 44.5 डिग्री, अंबिकापुर में 42.4 डिग्री, जगदलपुर में 42 डिग्री और पेंड्रारोड में 42.2 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया।
मौसम विभाग के अनुसार, अगले दो दिनों में प्रदेश के कई हिस्सों में गरज-चमक के साथ तेज हवाएं चल सकती हैं। नारायणपुर, धमतरी, गरियाबंद, बीजापुर, दंतेवाड़ा, सुकमा, बस्तर और कोंडागांव जिलों में हल्की बारिश के साथ 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चलने की संभावना है।
इसके अलावा प्रदेश के एक-दो स्थानों पर वज्रपात और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से आंधी चलने की चेतावनी भी जारी की गई है। मौसम विभाग का कहना है कि 29 मई के बाद तापमान में 2 से 4 डिग्री तक गिरावट आ सकती है, जिससे लोगों को गर्मी से कुछ राहत मिलने के आसार हैं।
भीषण गर्मी को देखते हुए लोगों को दोपहर में घर से बाहर निकलने से बचने, पर्याप्त पानी पीने और सतर्क रहने की सलाह दी गई है।



