June Movie Release: ‘है जवानी तो इश्क होना है’ से लेकर ‘वेलकम टू द जंगल’ तक, जून में थिएटर्स में लगेगा एंटरटेनमेंट का तड़का

मुंबई, 26 मई 2026। जून का महीना सिनेमा प्रेमियों के लिए जबरदस्त मनोरंजन लेकर आने वाला है। इस महीने बॉक्स ऑफिस पर कॉमेडी, रोमांस, थ्रिलर और एक्शन से भरपूर कई बड़ी फिल्में रिलीज होने जा रही हैं। अनुराग कश्यप की डार्क ड्रामा फिल्म से लेकर डेविड धवन की फैमिली कॉमेडी और अक्षय कुमार की मल्टीस्टारर फिल्म तक, दर्शकों को हर जॉनर का भरपूर डोज मिलने वाला है।
‘बंदर’ से होगी शुरुआत
5 जून को रिलीज होने जा रही ‘बंदर’ में निर्देशक अनुराग कश्यप एक बार फिर डार्क और इंटेंस कहानी लेकर आ रहे हैं। फिल्म में बॉबी देओल, सान्या मल्होत्रा, सपना पब्बी और सबा आजाद मुख्य भूमिकाओं में नजर आएंगे। ट्रेलर के बाद से ही फिल्म को लेकर दर्शकों में खासा उत्साह देखा जा रहा है।
डेविड धवन की कॉमेडी का तड़का
इसी दिन रिलीज होगी ‘है जवानी तो इश्क होना है’, जिसमें डेविड धवन और वरुण धवन की सुपरहिट जोड़ी फिर से साथ नजर आएगी। फिल्म में मृणाल ठाकुर, पूजा हेगड़े और जिमी शेरगिल भी अहम भूमिका निभा रहे हैं। हल्की-फुल्की कॉमेडी और फैमिली एंटरटेनमेंट पसंद करने वालों के लिए यह फिल्म खास रहने वाली है।
इम्तियाज अली की रोमांटिक ड्रामा फिल्म
12 जून को रिलीज होने वाली ‘मैं वापस आऊंगा’ का दर्शकों को लंबे समय से इंतजार है। इम्तियाज अली के निर्देशन में बनी इस फिल्म में दिलजीत दोसांझ, शरवरी, वेदांग रैना और नसीरुद्दीन शाह नजर आएंगे। फिल्म का संगीत भी पहले से चर्चा में बना हुआ है।
गंभीर कहानी लेकर आएगी ‘द साइलेंट सेविअर गवर्नर’
12 जून को ही रिलीज होने वाली ‘द साइलेंट सेविअर गवर्नर’ एक गंभीर और संवेदनशील विषय पर आधारित फिल्म बताई जा रही है। चिन्मय डी. मांडलेकर के निर्देशन में बनी इस फिल्म में मनोज बाजपेयी और अदा शर्मा मुख्य भूमिका में दिखाई देंगे।
मॉडर्न रिलेशनशिप की कहानी
19 जून को रिलीज होगी ‘कॉकटेल 2’, जिसमें शाहिद कपूर, कृति सेनन और रश्मिका मंदाना की फ्रेश तिकड़ी नजर आएगी। निर्देशक होमी अदजानिया इस बार भी मॉडर्न रिश्तों की उलझनों और युवा सोच को बड़े पर्दे पर दिखाने वाले हैं।
महीने के अंत में बड़ा धमाका
26 जून को रिलीज होने जा रही ‘वेलकम टू द जंगल’ को साल 2026 की सबसे बड़ी कॉमेडी-एक्शन फिल्मों में गिना जा रहा है। अहमद खान के निर्देशन में बनी इस मल्टीस्टारर फिल्म में अक्षय कुमार, सुनील शेट्टी, संजय दत्त, अरशद वारसी, रवीना टंडन और परेश रावल जैसे कई बड़े सितारे नजर आएंगे।
जून में रिलीज होने वाली इन फिल्मों को लेकर दर्शकों में काफी उत्साह है। अब देखना दिलचस्प होगा कि बॉक्स ऑफिस पर कौन-सी फिल्म सबसे बड़ा धमाका करती है।



