छत्तीसगढ़
Trending

गोदाम में रखा 10 करोड़ का तेंदूपत्ता जलकर राख : बीजापुर में निजी वेयरहाउस में लगी भीषण आग, 18 हजार बोरे खाक

बीजापुर, 26 मई 2026। छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले में सोमवार दोपहर एक निजी तेंदूपत्ता गोदाम में भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग ने पूरे गोदाम को अपनी चपेट में ले लिया और वहां रखे लगभग 18 हजार बोरे जलकर राख हो गए। शुरुआती अनुमान के मुताबिक इस हादसे में 10 करोड़ रुपए से ज्यादा का नुकसान हुआ है। घटना कोतवाली थाना क्षेत्र के ईटपाल इलाके की बताई जा रही है।

जानकारी के मुताबिक, वन विभाग ने तेंदूपत्ता भंडारण के लिए एक निजी गोदाम किराए पर लिया था। यहां पिछले 10 दिनों से बड़ी मात्रा में तेंदूपत्ता स्टोर किया जा रहा था। सोमवार दोपहर करीब 2:30 बजे अचानक गोदाम में आग लग गई। तेज गर्मी और सूखे मौसम के चलते आग तेजी से फैलती चली गई और कुछ ही देर में पूरे इलाके में धुएं का गुबार छा गया।

आग लगने की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और आग बुझाने का प्रयास शुरू किया गया। हालात की गंभीरता को देखते हुए वन विभाग, पुलिस, नगर पालिका और CRPF के जवान भी राहत एवं बचाव कार्य में जुट गए। गोदाम परिसर में खड़ी गाड़ियों को तत्काल बाहर निकाला गया, ताकि आग और न फैल सके।

हालांकि आग इतनी भीषण थी कि देर रात तक भी उस पर पूरी तरह काबू नहीं पाया जा सका। राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई है।

बीजापुर के डीएफओ रमेश जांगड़े ने बताया कि सूचना मिलते ही प्रशासन और फायर ब्रिगेड को अलर्ट किया गया था। उन्होंने कहा कि फिलहाल आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है।

घटना के बाद गोदाम की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल उठने लगे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि जब इतनी बड़ी मात्रा में तेंदूपत्ता का भंडारण किया जा रहा था, तब वहां पर्याप्त अग्निशमन यंत्र, पानी और आपातकालीन सुरक्षा के इंतजाम होने चाहिए थे, लेकिन मौके पर ऐसी कोई प्रभावी व्यवस्था नजर नहीं आई।

वहीं, सीसीएफ आलोक तिवारी ने कहा कि वे बीजापुर पहुंच रहे हैं और जांच के बाद यह स्पष्ट किया जाएगा कि आखिर चूक कहां हुई।

IMG 20250811 172353
Manish Tiwari

Show More

Related Articles

Back to top button