छत्तीसगढ़
Trending

फिंगेश्वर के गांव में बजरंगबली की प्रतिमा खंडित: मंदिर परिसर में मिले शराब सेवन के निशान, पुलिस जांच में जुटी

गरियाबंद, 25 मई 2026। फिंगेश्वर थाना क्षेत्र के ग्राम भेन्डरी-जामगांव में भगवान बजरंगबली की प्रतिमा को क्षतिग्रस्त किए जाने का मामला सामने आया है। अज्ञात असामाजिक तत्वों ने कथित रूप से शराब सेवन के बाद ईंट से टाइल्स युक्त मूर्ति को तोड़ दिया। घटना के बाद गांव में आक्रोश का माहौल है और ग्रामीणों ने दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है।

जानकारी के मुताबिक मंदिर परिसर के पास शराब सेवन और ईंट से तोड़फोड़ के निशान मिले हैं। सूचना मिलने पर विहिप जिला संयोजक मोहित साहू और फिंगेश्वर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की।

ग्रामीणों की बैठक ग्राम समिति अध्यक्ष भेखलाल साहू के नेतृत्व में आयोजित की गई। बैठक में गांववासियों से घटना को लेकर जानकारी ली गई, लेकिन किसी ग्रामीण की संलिप्तता सामने नहीं आई। इसके बाद ग्रामीणों ने फिंगेश्वर थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई।

ग्रामीणों ने आशंका जताई है कि करीब एक सप्ताह पहले गांव में घूम रहे मानसिक रूप से विक्षिप्त व्यक्ति का घटना से संबंध हो सकता है। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।

गांव में पहले से शराब पर पूरी तरह प्रतिबंध है। धार्मिक स्थलों के पास शराब सेवन या उपद्रव करने पर 2100 रुपए जुर्माने का प्रावधान भी लागू है। ग्रामीणों ने बताया कि 17 जून को उसी स्थान पर बजरंगबली की नई प्रतिमा स्थापित की जाएगी।

IMG 20250811 172353
Manish Tiwari

Show More

Related Articles

Back to top button