छत्तीसगढ़
Trending

ट्रैक्टर ने बाइक सवार 4 मजदूरों को रौंदा: 100 मीटर तक घसीटा, सड़क पर तड़पते छोड़ भागा ड्राइवर

बलरामपुर, 25 मई 2026। छत्तीसगढ़ के बलरामपुर जिले में रविवार शाम दर्दनाक सड़क हादसे में एक ही परिवार के 4 युवकों की मौत हो गई। सनावल थाना क्षेत्र के ग्राम पीपरपान के पास ईंट से लदे तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने बाइक सवार चार मजदूरों को कुचल दिया। हादसे के बाद चालक घायलों को करीब 100 मीटर तक घसीटता ले गया और सड़क किनारे तड़पता छोड़कर फरार हो गया।

मृतकों की पहचान राकेश पंडो (17), रमेश पंडो (19), नरेश पंडो (19) और मनोज पंडो (21) के रूप में हुई है। चारों युवक आपस में चचेरे भाई थे और मजदूरी कर परिवार चलाते थे। बताया जा रहा है कि वे डिंडो बाजार से एक ही बाइक पर सवार होकर घर लौट रहे थे।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक हादसे के बाद चालक ने ट्रैक्टर नहीं रोका। बाद में घायलों को सड़क किनारे फेंक दिया और ट्रैक्टर का इंजन अलग कर मौके से भाग निकला। स्थानीय लोगों की मदद से चारों को अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी।

परिजनों ने आरोप लगाया है कि समय पर इलाज मिलता तो युवकों की जान बच सकती थी। वहीं आरोप है कि दुर्घटना में शामिल ट्रैक्टर को छिपाने की कोशिश भी की गई। मामले में चालक प्रेमचंद यादव, रामनारायण यादव और अशोक यादव के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग उठी है।

सनावल थाना प्रभारी बृजलाल भारद्वाज ने बताया कि मामले में मर्ग कायम कर शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए वाड्रफनगर भेजा गया है। पुलिस ट्रैक्टर और फरार आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।

IMG 20250811 172353
Manish Tiwari

Show More

Related Articles

Back to top button