अपराधछत्तीसगढ़बिलासपुर

बिलासपुर में प्रार्थना सभा के दौरान धर्मांतरण का आरोप : प्रलोभन देने की शिकायत पर 3 लोगों के खिलाफ FIR दर्ज

बिलासपुर, 25 मई 2026। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले में एक बार फिर कथित धर्मांतरण का मामला सामने आया है। सीपत थाना क्षेत्र के ग्राम मोहरा में आयोजित प्रार्थना सभा के दौरान प्रलोभन देकर धर्म परिवर्तन कराने के आरोप में पुलिस ने तीन लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।

पुलिस को दी गई शिकायत में सुमित यादव ने बताया कि 24 मई की सुबह सूचना मिली थी कि ग्राम मोहरा में राम स्वरूप सूर्यवंशी अपने घर के आंगन में टीन शेड के नीचे प्रार्थना सभा आयोजित कर रहे हैं। आरोप है कि वहां ईसाई धर्म का प्रचार करते हुए लोगों को प्रलोभन देकर धर्म परिवर्तन के लिए प्रेरित किया जा रहा था।

सूचना मिलने पर शिकायतकर्ता अपने साथियों धीरज भोई, सुभाष साहू और शुभांशू भोई के साथ मौके पर पहुंचे। वहां राम स्वरूप सूर्यवंशी, जितेंद्र सूर्यवंशी और पंकज कुमार करियारे मौजूद मिले। आरोप है कि सभा में शामिल लोगों को बेहतर सुविधाएं, अच्छे घर में शादी और निःशुल्क इलाज जैसे प्रलोभन देकर ईसाई धर्म अपनाने के लिए प्रेरित किया जा रहा था।

शिकायत में यह भी कहा गया है कि मौके पर बाइबल और नाश्ते की व्यवस्था की गई थी तथा हिंदू देवी-देवताओं के खिलाफ आपत्तिजनक शब्दों का इस्तेमाल किया गया, जिससे धार्मिक भावनाएं आहत हुईं।

मामले में सीपत थाना पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 299 और छत्तीसगढ़ धर्म स्वातंत्र्य अधिनियम 1968 की धारा 3 एवं 4 के तहत अपराध दर्ज किया है। पुलिस का कहना है कि जांच के बाद आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

IMG 20250811 172353
Manish Tiwari

Show More

Related Articles

Back to top button