दुर्ग में एक ही परिवार के 4 लोगों की मौत: बच्चों के शव बिस्तर पर मिले, पति-पत्नी फांसी पर लटके मिले, सुसाइड नोट बरामद

दुर्ग, 22 मई 2026। छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले से शुक्रवार सुबह दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। मोहन नगर थाना क्षेत्र के आर्य नगर में एक ही परिवार के चार लोगों की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। पति-पत्नी की लाश घर में फांसी के फंदे पर लटकी मिली, जबकि दोनों बच्चों के शव बिस्तर पर पड़े थे। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई।
जानकारी के मुताबिक मृतकों की पहचान गोविंद साहू (45), उनकी पत्नी चंचल साहू, बेटी दृष्णा साहू (13) और बेटे यशांत साहू (10) के रूप में हुई है। प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि बच्चों को पहले नींद का इंजेक्शन या जहरीला पदार्थ देकर मौत के घाट उतारा गया, जिसके बाद पति-पत्नी ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।
घटना की सूचना मिलते ही मोहन नगर थाना पुलिस और प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घर को सील कर जांच शुरू कर दी है। मौके से एक सुसाइड नोट भी बरामद हुआ है, जिसकी जांच की जा रही है। फिलहाल पुलिस आत्महत्या के पीछे पारिवारिक तनाव, आर्थिक परेशानी और अन्य कारणों की पड़ताल कर रही है।
पड़ोसियों के अनुसार परिवार सामान्य रूप से रह रहा था और किसी को इस तरह की घटना की भनक तक नहीं थी। सुबह काफी देर तक घर का दरवाजा नहीं खुलने पर आसपास के लोगों को शक हुआ। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। दरवाजा खुलते ही अंदर का मंजर देखकर सभी सन्न रह गए।
पुलिस ने चारों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फॉरेंसिक जांच के बाद ही मौत की असली वजह स्पष्ट हो पाएगी। फिलहाल पूरे मामले की जांच जारी है।



