56 पंचायतों के सरपंचों का सामूहिक इस्तीफा: विकास कार्य नहीं मिलने से नाराज जनप्रतिनिधियों ने प्रशासन के खिलाफ खोला मोर्चा

कांकेर जिले के अंतागढ़ विकासखंड में पंचायतों में विकास कार्य नहीं मिलने से नाराज सभी 56 ग्राम पंचायतों के सरपंचों ने सामूहिक इस्तीफा देकर प्रशासनिक हलकों में हड़कंप मचा दिया। सरपंचों ने एसडीएम कार्यालय पहुंचकर अपने इस्तीफे सौंपे और पंचायतों की अनदेखी का आरोप लगाया।
सरपंचों का कहना है कि पिछले एक वर्ष से ग्राम पंचायतों में किसी भी प्रकार के नए विकास कार्य स्वीकृत नहीं किए गए हैं। इसके चलते गांवों में सड़क, नाली, पेयजल और अन्य मूलभूत सुविधाओं से जुड़े कार्य पूरी तरह ठप पड़े हैं। कई बार मांग और पत्राचार करने के बावजूद प्रशासन की ओर से कोई ठोस पहल नहीं की गई।
जनप्रतिनिधियों ने कहा कि विकास कार्य नहीं होने से ग्रामीणों में भारी नाराजगी है और उन्हें जनता के सवालों का जवाब देना मुश्किल हो रहा है। इसी विरोध में सभी सरपंचों ने एकजुट होकर सामूहिक इस्तीफा देने का फैसला लिया।
सरपंचों ने प्रशासन से लंबित योजनाओं को जल्द शुरू करने और पंचायतों को विकास कार्य आवंटित करने की मांग की है। वहीं एक साथ 56 सरपंचों के इस्तीफे से प्रशासन में हलचल तेज हो गई है।



