इंद्रावती पुल से युवक ने लगाई छलांग, नदी में डूबने से मौत: नाविकों ने निकाला शव, आत्महत्या की वजह तलाश रही पुलिस

जगदलपुर। बस्तर जिले के लोहंडीगुड़ा थाना क्षेत्र में गुरुवार सुबह एक युवक ने इंद्रावती नदी पर बने नारायणपाल पुल से छलांग लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय नाविकों की मदद से युवक के शव को नदी से बाहर निकाला गया।
मृतक की पहचान कोंडागांव जिले के सुलाहटी निवासी युवराज दास मानिकपुरी के रूप में हुई है। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक युवक अचानक पुल पर पहुंचा और देखते ही देखते नदी में छलांग लगा दी। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत इसकी जानकारी पुलिस को दी।
घटना की सूचना पर लोहंडीगुड़ा थाना पुलिस और स्थानीय नाविक मौके पर पहुंचे। काफी मशक्कत के बाद युवक के शव को नदी से बाहर निकाला गया। पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
फिलहाल युवक ने यह कदम क्यों उठाया, इसका खुलासा नहीं हो पाया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।



