छत्तीसगढ़
Trending

बलरामपुर तहसील कोर्ट में जमीन विवाद की सुनवाई के दौरान बवाल: दो पक्ष भिड़े, मारपीट के बाद 18 लोगों पर केस दर्ज

बलरामपुर। जिले के वाड्रफनगर तहसील कार्यालय में जमीन विवाद की सुनवाई के दौरान मंगलवार को जमकर हंगामा हो गया। सुनवाई के लिए पहुंचे दोनों पक्ष आपस में भिड़ गए और देखते ही देखते मामला गाली-गलौच से मारपीट तक पहुंच गया। घटना के बाद तहसील परिसर में अफरा-तफरी मच गई।

जानकारी के मुताबिक, तहसीलदार गुरुदत्त पंचभावे की अदालत में आवेदक इलियासुदीन और अनावेदक पक्ष रसीद, अफजल व अन्य के बीच जमीन से जुड़े मामले की सुनवाई चल रही थी। इसी दौरान अनावेदक पक्ष के कुछ लोग और गवाह दूसरे पक्ष के अधिवक्ता सिद्वदकी से बहस करने लगे। विवाद बढ़ने पर दोनों पक्षों के बीच कोर्ट रूम में ही धक्का-मुक्की और मारपीट शुरू हो गई।

स्थिति बिगड़ने पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने दोनों पक्षों को कोर्ट से बाहर निकाला, लेकिन तहसील और सिविल कोर्ट परिसर में भी दोनों पक्ष भिड़ते रहे। घटना से न्यायालय परिसर में काफी देर तक तनाव का माहौल बना रहा।

मामले को गंभीर मानते हुए तहसीलदार गुरुदत्त पंचभावे ने न्यायालय की गरिमा भंग करने और शासकीय कार्य में बाधा डालने का आरोप लगाते हुए दोनों पक्षों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। तहसीलदार की शिकायत पर वाड्रफनगर चौकी पुलिस ने 18 लोगों के खिलाफ बीएनएस की धारा 170 के तहत मामला दर्ज किया है।

पुलिस को घटना का वीडियो फुटेज भी सौंपा गया है, जिसके आधार पर आरोपियों की पहचान कर गिरफ्तारी की कार्रवाई शुरू कर दी गई है। अधिकारियों का कहना है कि मामले में शामिल सभी लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

IMG 20250811 172353
Manish Tiwari

Show More

Related Articles

Back to top button