छत्तीसगढ़
Trending

राजस्व मंत्री टंकराम वर्मा ने मंच से दिए सख्त निर्देश : एक घंटे में पटवारी को सस्पेंड करने का आदेश

रायपुर, छत्तीसगढ़। तिल्दा-नेवरा में आयोजित सुशासन तिहार के समाधान शिविर के दौरान उस समय माहौल सख्त हो गया जब राजस्व मंत्री टंकराम वर्मा ने लापरवाही के मामले पर मंच से ही कार्रवाई के निर्देश दे दिए।

किसानों की समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए मंत्री ने बिलाड़ी क्षेत्र के पटवारी को एक घंटे के भीतर निलंबित करने का आदेश दिया। ग्रामीणों ने शिकायत की थी कि एक किसान को अपनी जमीन संबंधी काम के लिए कई दिनों तक दफ्तरों के चक्कर लगाने पड़े और रिकॉर्ड में जमीन को ‘निरंक’ दिखा दिया गया।

शिकायत सुनते ही मंत्री ने नाराजगी जताई और मौके पर मौजूद अधिकारियों को तत्काल कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

कार्यक्रम में रायपुर सांसद बृजमोहन अग्रवाल भी मौजूद रहे, जिन्होंने प्रशासनिक लापरवाही को लेकर अधिकारियों को फटकार लगाई। इससे पहले भी वे एक अन्य कार्यक्रम में नायब तहसीलदार को सख्त चेतावनी दे चुके हैं।

405 आवेदन पहुंचे समाधान शिविर में

शिविर में कुल 405 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें नगर पालिका, सफाई, स्ट्रीट लाइट, बिजली, अतिक्रमण और राजस्व से जुड़े 61 से अधिक मामले शामिल रहे। सभी मामलों को संबंधित विभागों को निराकरण के लिए भेजा गया है।

अतिक्रमण पर सख्त रुख

मंत्री वर्मा ने सरकारी जमीनों पर बढ़ते अतिक्रमण को गंभीर समस्या बताते हुए एक सप्ताह के भीतर कार्रवाई और चिन्हांकन के निर्देश दिए। उन्होंने चेतावनी दी कि तय समय में कार्रवाई नहीं होने पर संबंधित अधिकारियों पर निलंबन की कार्रवाई की जाएगी।

अपराध और अवैध गतिविधियों पर नाराजगी

नेवरा थाना क्षेत्र में बढ़ते अपराधों को लेकर भी मंत्री ने पुलिस विभाग को फटकार लगाई और तत्काल प्रभावी कार्रवाई कर कानून व्यवस्था मजबूत करने के निर्देश दिए।

कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे, जिन्होंने सड़क, सफाई, बिजली और राजस्व से जुड़ी समस्याएं प्रशासन के सामने रखीं।

IMG 20250811 172353
Manish Tiwari

Show More

Related Articles

Back to top button