रायपुर में रिटायर्ड डॉक्टर से 1.25 करोड़ की डिजिटल ठगी : साइबर गिरोह के 3 सदस्य दिल्ली-कर्नाटक से गिरफ्तार

रायपुर, 16 मई 2026। राजधानी रायपुर में रिटायर्ड वेटनरी डॉक्टर को ‘डिजिटल अरेस्ट’ में रखकर 1.25 करोड़ रुपए की ठगी करने वाले साइबर गिरोह पर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। साइबर सेल ने गिरोह के तीन और सदस्यों को दिल्ली और कर्नाटक से गिरफ्तार कर रायपुर लाया है।
पुलिस के अनुसार आरोपियों की पहचान आर्यन सिंह, जितेंद्र कुमार और राजदीप भाटिया के रूप में हुई है। इससे पहले इसी मामले में एक आरोपी को हरियाणा से पकड़ा जा चुका है।
जांच में सामने आया है कि गिरोह ने 18 म्यूल बैंक खातों का इस्तेमाल कर करीब 10.76 करोड़ रुपए का लेनदेन किया है। इन खातों से जुड़े मामलों में देश के 17 राज्यों में 88 साइबर शिकायतें दर्ज हैं।
आरोपी खुद को पुलिस, सीबीआई या अन्य जांच एजेंसी का अधिकारी बताकर लोगों को डराते थे। वे क्रेडिट कार्ड मनी लॉन्ड्रिंग केस में फंसने की धमकी देकर पीड़ितों को वीडियो कॉल पर ‘डिजिटल अरेस्ट’ में रखते थे।
रिटायर्ड डॉक्टर सपन कुमार को भी लगातार वॉट्सऐप कॉल पर दबाव में रखकर अलग-अलग खातों में करीब 1.25 करोड़ रुपए ट्रांसफर करा लिए गए। इसमें 55 लाख रुपए के लिए उनकी एफडी तक तुड़वा दी गई।
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि ऐसे किसी भी कॉल से डरें नहीं और तुरंत साइबर हेल्पलाइन 1930 या नजदीकी थाने में सूचना दें।



