पेट्रोल ₹103 के पार पहुंचा तो उमड़ी भीड़: रायपुर-रायगढ़ में लंबी कतारें, प्रशासन बोला- अफवाहों से बचें

रायपुर, 15 मई 2026। देशभर में पेट्रोल-डीजल की कीमतों में ₹3 प्रति लीटर की बढ़ोतरी के बाद छत्तीसगढ़ में हालात लगातार दूसरे दिन भी तनावपूर्ण बने हुए हैं। राजधानी रायपुर में पेट्रोल ₹103.58 और डीजल ₹96.57 प्रति लीटर पहुंच गया है। कीमत बढ़ते ही शहर के पेट्रोल पंपों पर वाहनों की लंबी लाइनें लग गईं, जबकि कई पंपों पर स्टॉक खत्म होने से सप्लाई प्रभावित हुई है।
खाद्य सचिव रीना बाबासाहेब कंगाले के मुताबिक प्रदेश में कुल 2516 पेट्रोल-डीजल पंप संचालित हैं। रायपुर के 326 पंपों में से 35 और बिलासपुर के 156 पंपों में से 13 पंप अस्थायी रूप से ड्राई आउट हो गए हैं। प्रशासन का कहना है कि अफवाहों और पैनिक बाइंग के कारण अचानक मांग बढ़ने से यह स्थिति बनी है।
रायपुर, रायगढ़ और भिलाई समेत कई शहरों में लोग फुल टैंक कराने के लिए घंटों लाइन में खड़े नजर आए। भिलाई के वैशाली नगर स्थित एचपी पेट्रोल पंप पर नया स्टॉक पहुंचने के बाद भीड़ और बढ़ गई। वहीं शहीद स्मारक भवन स्थित पंप में पेट्रोल खत्म होने के कारण लोगों को दोपहर बाद आने की सलाह दी गई।
पंप कर्मचारी राजेश गुप्ता ने कहा कि सप्लाई लगातार जारी है और जितनी समस्या दिखाई जा रही है, स्थिति उतनी गंभीर नहीं है। हालांकि आम लोगों का कहना है कि लगातार बढ़ती कीमतों और संभावित कमी की आशंका के चलते वे ज्यादा ईंधन भरवा रहे हैं।
डीजल महंगा होने का असर अब रोजमर्रा की जिंदगी पर भी पड़ सकता है। ट्रांसपोर्ट महंगा होने से सब्जियां, राशन और अन्य जरूरी सामान के दाम बढ़ने की आशंका है। किसानों के लिए ट्रैक्टर और पंपिंग सेट चलाने की लागत भी बढ़ेगी। इसके अलावा बस, ऑटो और स्कूल वाहनों के किराए में बढ़ोतरी संभव मानी जा रही है।
प्रशासन ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की है। रायपुर कलेक्टर ने तेल कंपनियों और पेट्रोल पंप संचालकों के साथ बैठक कर डिपो से 24 घंटे सप्लाई जारी रखने के निर्देश दिए हैं। पहले टैंकरों की एंट्री दोपहर 12 बजे से शाम 4 बजे तक सीमित थी, जिसे अब लगातार जारी रखने का फैसला लिया गया है।
शहर में ब्लैक मार्केटिंग रोकने के लिए कलेक्टर कार्यालय ने हेल्पलाइन नंबर 9977222564, 9977222574, 9977222584 और 9977222594 जारी किए हैं। प्रशासन ने कहा है कि कहीं भी अधिक कीमत पर पेट्रोल-डीजल बेचने की सूचना मिलने पर तत्काल शिकायत करें।



