सुशासन तिहार में पहुंचीं विधायक भावना बोहरा : ग्रामीणों की समस्याएं सुन अधिकारियों को दिए त्वरित समाधान के निर्देश

पंडरिया, 14 मई 2026/ पंडरिया विधायक भावना बोहरा ने ग्राम पंचायत रणवीरपुर और घुटुरकुण्डी में आयोजित समाधान शिविर में शामिल होकर ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को तत्काल निराकरण के निर्देश दिए। सुशासन तिहार के तहत आयोजित इस शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।
कार्यक्रम के दौरान विधायक ने विभिन्न शासकीय योजनाओं के हितग्राहियों को राशन कार्ड, ट्राइसिकल, लखपति दीदियों को चेक एवं प्रशस्ति पत्र वितरित किए। उन्होंने हितग्राहियों से संवाद कर योजनाओं से उनके जीवन में आए बदलाव की जानकारी भी ली।
इस अवसर पर विधायक भावना बोहरा ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में प्रदेश सरकार सुशासन तिहार के माध्यम से जनता तक सीधे पहुंचकर उनकी समस्याओं का समाधान कर रही है। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य जनसमस्याओं का त्वरित निराकरण, जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रभावी समीक्षा और प्रशासन को अधिक पारदर्शी एवं जनहितैषी बनाना है।

उन्होंने कहा कि “जनसेवा ही हमारा संकल्प है और जनता की समस्याओं का समाधान ही हमारी प्राथमिकता है।” विधायक ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की प्रेरणा और डबल इंजन सरकार के प्रयासों से महिलाओं, किसानों और युवाओं को लगातार लाभ मिल रहा है। महिलाएं आर्थिक रूप से सशक्त हो रही हैं, किसान आधुनिक कृषि से जुड़ रहे हैं और युवाओं को रोजगार एवं स्वरोजगार के अवसर प्राप्त हो रहे हैं।

भावना बोहरा ने कहा कि पंडरिया विधानसभा में 1000 करोड़ रुपये से अधिक के विकास कार्य चल रहे हैं। वनांचल क्षेत्रों से लेकर गांवों तक सड़क, पेयजल, सिंचाई, शिक्षा, स्वास्थ्य और अन्य मूलभूत सुविधाओं का विस्तार तेजी से हो रहा है। उन्होंने कहा कि महतारी वंदन योजना, पीएम आवास योजना और पीएम जनमन योजना जैसी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाया जा रहा है।
कार्यक्रम में जिला पंचायत सदस्य, जनपद अध्यक्ष, भाजपा पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।



