
रायपुर। इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 के तहत आज रायपुर के शहीद वीर नारायण सिंह इंटरनेशनल स्टेडियम में होने वाले रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) और कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) के मुकाबले से पहले मौसम ने अचानक करवट ले ली है। दोपहर बाद शहर में रुक-रुककर बारिश शुरू हो गई, जिससे मैच पर संकट के बादल मंडराने लगे हैं।
यह मुकाबला प्लेऑफ की दौड़ के लिहाज से दोनों टीमों के लिए बेहद अहम माना जा रहा है। ऐसे में बारिश ने क्रिकेट प्रेमियों की चिंता बढ़ा दी है। मौसम विभाग ने पहले ही 13 मई को रायपुर में आंधी-तूफान और बारिश की संभावना जताई थी। पिछले कुछ दिनों से शाम के समय मौसम लगातार बदल रहा था और मंगलवार को भी शहर में बादल छाए रहे।
अगर मैच के दौरान बारिश जारी रहती है, तो ओवरों में कटौती या मुकाबला रुकने जैसी स्थिति बन सकती है। हालांकि फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है कि बारिश कितनी देर तक जारी रहेगी और मैच पर इसका कितना असर पड़ेगा।
मंगलवार को दोनों टीमों ने रायपुर स्टेडियम में जमकर अभ्यास किया था। खिलाड़ियों ने नेट्स में बल्लेबाजी और डेथ ओवर गेंदबाजी पर खास फोकस किया। वहीं विराट कोहली को लेकर फैंस में खास उत्साह है। पिछले मैच में मुंबई इंडियंस के खिलाफ बिना खाता खोले आउट होने के बाद समर्थकों को आज उनके बल्ले से बड़ी पारी की उम्मीद है।
गौरतलब है कि रायपुर, RCB का दूसरा होम ग्राउंड है। टीम ने 10 मई को यहां मुंबई इंडियंस के खिलाफ रोमांचक मुकाबले में 2 विकेट से जीत दर्ज की थी। अब सभी की नजरें इस बात पर टिकी हैं कि मौसम की चुनौती के बीच मैच बिना रुकावट पूरा हो पाता है या नहीं।



