
रायपुर, 06 मई 2026/ नवा रायपुर के शहीद वीर नारायण सिंह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में आगामी 10 और 13 मई को होने वाले टाटा IPL टी-20 मैचों के सफल आयोजन के लिए राज्य प्रशासन ने कमर कस ली है। मुख्य सचिव विकासशील ने आज मंत्रालय महानदी भवन में विभिन्न विभागों के उच्चाधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक कर आयोजन से जुड़ी व्यवस्थाओं को चाक-चौबंद करने के निर्देश दिए। प्रशासन अब क्रिकेट के इस महाकुंभ की मेजबानी के लिए पूरी तरह मुस्तैद नजर आ रहा है, ताकि दर्शकों को सुरक्षित और बेहतर अनुभव मिल सके।
मैचों का शेड्यूल
- 10 मई 2026 : रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु बनाम मुंबई इंडियंस
- 13 मई 2026 : रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु बनाम कोलकाता नाइट राइडर्स
सुरक्षा और यातायात प्रबंधन पर विशेष जोर
मुख्य सचिव विकासशील ने कहा कि स्टेडियम पहुंचने वाले हजारों दर्शकों की सुरक्षा और सुगम यातायात प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता रहेगी। ऑनलाइन टिकट बुकिंग के बाद रायपुर पहुंचने वाली भीड़ को नियंत्रित करने के लिए पुलिस कमिश्नर रायपुर को विशेष कार्ययोजना बनाने के निर्देश दिए गए हैं।
CCTV कैमरों, बैरिकेडिंग और पार्किंग व्यवस्था की जिम्मेदारी पुलिस, NRDA और BCCI की संयुक्त टीम संभालेगी।
आपातकालीन सेवाओं के लिए विशेष तैयारी
फायर ब्रिगेड और एम्बुलेंस के लिए अलग इमरजेंसी रूट चिन्हित किए जाएंगे, ताकि किसी भी आपात स्थिति में तत्काल सहायता पहुंचाई जा सके। आयोजन की निगरानी के लिए कलेक्टर रायपुर की अध्यक्षता में उच्चस्तरीय कार्यकारिणी गठित की गई है।
इस समिति में पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण), नगर निगम आयुक्त, खेल एवं युवा कल्याण विभाग, RTO और NRDA CEO सहित कई वरिष्ठ अधिकारी शामिल हैं। हालांकि आयोजन की मुख्य जिम्मेदारी BCCI और छत्तीसगढ़ स्टेट क्रिकेट संघ की रहेगी, लेकिन प्रशासन द्वारा पेयजल, बिजली, सड़क और स्वास्थ्य सेवाओं में पूरा सहयोग दिया जाएगा।
मूलभूत सुविधाओं की जिम्मेदारी तय
PHE विभाग को स्टेडियम में पर्याप्त पानी की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। वहीं छत्तीसगढ़ विद्युत वितरण कंपनी (CSPDCL) को मैचों के दौरान निर्बाध बिजली आपूर्ति बनाए रखने कहा गया है।
बैठक में डॉ. कमलप्रीत सिंह, मोहम्मद कैसर अब्दुल हक, यशवंत कुमार और गौरव सिंह सहित पुलिस, ऊर्जा, परिवहन, पर्यटन तथा CSPDCL के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। साथ ही BCCI और छत्तीसगढ़ स्टेट क्रिकेट संघ के प्रतिनिधियों ने भी तैयारियों की जानकारी साझा की।



