
रायपुर, 21 अप्रैल 2026। छत्तीसगढ़ सरकार जल्द ही एक नया सीएम हेल्पलाइन नंबर शुरू करने जा रही है, जिसके जरिए राज्य के नागरिक 24 घंटे कभी भी अपनी शिकायत या समस्या दर्ज करा सकेंगे। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने यह जानकारी जशपुर रवाना होने से पहले मीडिया से बातचीत में दी।
मुख्यमंत्री ने बताया कि इस हेल्पलाइन सिस्टम में आने वाली सभी शिकायतों का निश्चित समय सीमा के भीतर समाधान करना अनिवार्य होगा। यदि तय समय में समस्या का निवारण नहीं हुआ तो संबंधित अधिकारी पर कार्रवाई की जाएगी। सरकार का उद्देश्य प्रशासनिक व्यवस्था को अधिक जवाबदेह और तेज बनाना है।
इसी के साथ मुख्यमंत्री ने विधानसभा के विशेष सत्र को लेकर भी बयान दिया। उन्होंने कहा कि महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण देने के मुद्दे पर चर्चा के लिए सत्र बुलाया गया है, जबकि कांग्रेस ने इसका विरोध किया है। उन्होंने पश्चिम बंगाल चुनाव को लेकर दावा किया कि वहां जनता बदलाव चाहती है और भाजपा की सरकार बनने की संभावना है।



