खेलछत्तीसगढ़रायपुर

Khelo India Tribal Games 2026: किरण पिस्दा के गोल से छत्तीसगढ़ बना महिला फुटबॉल चैंपियन, एथलेटिक्स में सोरेन-रीथुश्री-नागिनी का डबल धमाका

रायपुर, 03 अप्रैल 2026। खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स 2026 के नौवें दिन मेज़बान छत्तीसगढ़ ने शानदार प्रदर्शन करते हुए महिला फुटबॉल में स्वर्ण पदक अपने नाम कर लिया। फाइनल मुकाबले में कप्तान किरण पिस्दा के निर्णायक गोल की बदौलत छत्तीसगढ़ ने झारखंड को 1-0 से हराकर इतिहास रच दिया।

जगदलपुर में खेले गए इस रोमांचक फाइनल में दोनों टीमों के बीच कड़ा मुकाबला देखने को मिला, लेकिन 61वें मिनट में किरण पिस्दा ने विपक्षी डिफेंस की चूक का फायदा उठाते हुए मैच का एकमात्र गोल दागा। इसके बाद छत्तीसगढ़ की टीम ने शानदार डिफेंस करते हुए बढ़त को अंत तक कायम रखा और खिताब पर कब्जा जमाया।

एथलेटिक्स में भी नौवें दिन कई खिलाड़ियों ने दमदार प्रदर्शन किया। झारखंड के शिव कुमार सोरेन ने 100 मीटर के बाद 200 मीटर में भी स्वर्ण जीतकर डबल पूरा किया। वहीं कर्नाटक की रीथुश्री ने 200 मीटर और नागिनी ने 800 व 1500 मीटर में जीत दर्ज कर अपने-अपने दूसरे स्वर्ण पदक हासिल किए।

मेज़बान छत्तीसगढ़ को एथलेटिक्स में भी सफलता मिली। पुरुषों की 4×400 मीटर रिले में टीम ने 3:19.26 सेकंड के समय के साथ रजत पदक जीता, जबकि 1500 मीटर दौड़ में मनीष कुमार ने कांस्य पदक हासिल कर राज्य का मान बढ़ाया।

तीरंदाजी में झारखंड की जोड़ी कोमालिका बारी और कृष्णा पिंगुआ ने रिकर्व मिक्स्ड टीम स्पर्धा में स्वर्ण पदक जीतकर अपनी श्रेष्ठता साबित की। वहीं महाराष्ट्र के हर्षवर्धन इंगले ने कंपाउंड व्यक्तिगत के बाद मिक्स्ड टीम में भी स्वर्ण जीतकर शानदार प्रदर्शन किया।

पदक तालिका में कर्नाटक शीर्ष पर
समापन से एक दिन पहले पदक तालिका में कर्नाटक 23 स्वर्ण, 8 रजत और 7 कांस्य पदकों के साथ पहले स्थान पर बना हुआ है। ओडिशा 20 स्वर्ण के साथ दूसरे और झारखंड 14 स्वर्ण के साथ तीसरे स्थान पर है। मेज़बान छत्तीसगढ़ 3 स्वर्ण, 9 रजत और 6 कांस्य के साथ नौवें स्थान पर पहुंच गया है।

करीब 30 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के 3800 खिलाड़ियों की भागीदारी वाले इस महाकुंभ में एथलेटिक्स, तीरंदाजी, फुटबॉल, हॉकी, तैराकी, भारोत्तोलन और कुश्ती जैसे खेल शामिल हैं। यह आयोजन जनजातीय प्रतिभाओं को राष्ट्रीय मंच देने के साथ खेलों में नए सितारों को उभरने का अवसर प्रदान कर रहा है।

IMG 20250811 172353
Manish Tiwari

Show More

Related Articles

Back to top button