
रायपुर, 24 मार्च 2026/ खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स के लिए देशभर से खिलाड़ी छत्तीसगढ़ पहुंचना शुरू कर चुके हैं। सोमवार शाम असम से तैराकी के 10 खिलाड़ी और तमिलनाडु से 17 फुटबॉल खिलाड़ी रायपुर पहुंचे, जिससे प्रदेश में खेल उत्सव का माहौल बन गया।
स्वामी विवेकानंद अंतरराष्ट्रीय विमानतल पर खिलाड़ियों का स्वागत पारंपरिक रंगारंग प्रस्तुतियों के साथ किया गया। खेल एवं युवा कल्याण विभाग और SAI के अधिकारियों ने गुलाब भेंटकर अतिथियों का आत्मीय अभिनंदन किया। आयोजन में 23 मार्च को और भी बड़ी संख्या में खिलाड़ी देश के विभिन्न राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों से रायपुर पहुंचेंगे।

यह पहली बार है जब इस स्तर का आदिवासी खेल आयोजन छत्तीसगढ़ में हो रहा है। यह भव्य प्रतियोगिता रायपुर, अंबिकापुर और जगदलपुर में आयोजित की जा रही है, जिसमें लगभग 3,000 जनजातीय खिलाड़ी हिस्सा लेंगे। 25 मार्च से 3 अप्रैल तक चलने वाले इस आयोजन में हॉकी, फुटबॉल, कुश्ती, एथलेटिक्स, तैराकी, तीरंदाजी और वेटलिफ्टिंग जैसे सात खेलों में पुरुष और महिला वर्गों के बीच रोमांचक मुकाबले होंगे।

छत्तीसगढ़वासियों के लिए यह आयोजन न केवल खेल प्रतिभाओं को देखने का अवसर है, बल्कि जनजातीय संस्कृति और खेल भावना के अद्भुत संगम का प्रतीक भी बनेगा।



