कोरबा में नशे में धुत युवक की करतूत: दोस्त के साथ शराब पीने के लिए 108 एम्बुलेंस चुराई, कैंपस में ही पकड़ा गया

कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में एक हैरान करने वाली घटना सामने आई है। शराब के नशे में धुत एक व्यक्ति ने जिला मेडिकल कॉलेज अस्पताल परिसर से 108 एम्बुलेंस चुरा ली। वह एम्बुलेंस लेकर अपने दोस्त के पास शराब पीने के लिए मड़वारानी जा रहा था, लेकिन कैंपस के भीतर ही पकड़ा गया।
जानकारी के मुताबिक मड़वारानी निवासी बाबूलाल मिंजवार (42) किसी काम से जिला मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचा था। वह नशे में था और अपने दोस्त के साथ शराब पार्टी करने मड़वारानी जाना चाहता था। उसके पास न तो पैसे थे और न ही कोई साधन। इसी दौरान उसकी नजर अस्पताल परिसर में खड़ी 108 एम्बुलेंस पर पड़ी, जिसमें कर्मचारियों की लापरवाही के कारण चाबी लगी हुई थी।
मौका देखकर बाबूलाल ने एम्बुलेंस स्टार्ट की और उसे लेकर निकलने लगा। हालांकि उसे गाड़ी चलाना ठीक से नहीं आता था। उसने जैसे-तैसे एम्बुलेंस चलानी शुरू की, लेकिन कैंपस के अंदर ही वाहन अचानक बंद हो गया।
एम्बुलेंस को अजीब तरीके से चलते देख वहां मौजूद सुरक्षाकर्मियों को शक हुआ। उन्होंने तुरंत वाहन को घेर लिया और बाबूलाल को पकड़ लिया।
घटना की सूचना मिलने पर 112 की टीम मौके पर पहुंची और आरोपी को हिरासत में ले लिया। पूछताछ में उसने बताया कि वह अपने दोस्त के पास शराब पीने जा रहा था और कोई गाड़ी नहीं मिल रही थी, इसलिए उसने एम्बुलेंस चुरा ली।
फिलहाल पुलिस आरोपी बाबूलाल मिंजवार के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई कर रही है।



