GGU में होली मिलन बना ‘रणभूमि’: रंग-गुलाल के बीच छात्रों में घमासान, लात-घूंसे चले, VIDEO वायरल

बिलासपुर, 03 मार्च 2026। होली के रंग उस वक्त फीके पड़ गए जब गुरु घासीदास केंद्रीय विश्वविद्यालय (GGU) परिसर में आयोजित होली मिलन कार्यक्रम के दौरान छात्र आपस में भिड़ गए। ब्रदरहुड पैनल द्वारा आयोजित “रंग बरसे 0.5” कार्यक्रम में रंग-गुलाल और डांस के बीच अचानक विवाद बढ़ गया और जमकर लात-घूंसे चले। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
जानकारी के अनुसार, ऑडिटोरियम के सामने तेज साउंड सिस्टम के साथ कार्यक्रम चल रहा था। छात्र-छात्राएं रंगों में सराबोर होकर डांस कर रहे थे। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक कुछ छात्र नशे की हालत में थे और मजाक-मस्ती के दौरान एक-दूसरे के कपड़े तक फाड़ दिए। इसी बीच कहासुनी मारपीट में बदल गई। विवाद बढ़ता देख कई छात्र मौके से इधर-उधर भागने लगे।
गौरतलब है कि चार दिन पहले भी कैंपस में होली मिलन कार्यक्रम के दौरान छात्रों के बीच विवाद हुआ था। उस आयोजन को अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) द्वारा आयोजित किया गया था। लगातार दूसरी बार हुए बवाल ने विश्वविद्यालय प्रबंधन की व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
सूत्रों के मुताबिक घटना के बाद न तो पुलिस मौके पर पहुंची और न ही किसी पक्ष द्वारा थाने में शिकायत दर्ज कराई गई है। हालांकि वायरल वीडियो के आधार पर कार्रवाई की मांग उठने लगी है।
छात्रों का कहना है कि पहले हुए विवाद के बाद विश्वविद्यालय प्रशासन को इस तरह के कार्यक्रमों की अनुमति देते समय सख्ती बरतनी चाहिए थी। फिलहाल कैंपस में घटना को लेकर चर्चा का माहौल है।



