
रायपुर, 02 मार्च 2026। राजधानी रायपुर में लगातार लग रहे ट्रैफिक जाम से राहत दिलाने के लिए पुलिस ने नया ट्रैफिक प्लान लागू किया है। खासकर रेलवे स्टेशन क्षेत्र में मालवाहक वाहनों की वजह से बन रही जाम की स्थिति को देखते हुए यह निर्णय लिया गया है।
नए प्लान के तहत कमिश्नरेट क्षेत्र में भारी मालवाहक वाहनों की एंट्री सुबह 5 बजे से रात 12 बजे तक प्रतिबंधित रहेगी। वहीं हल्के मालवाहक वाहनों पर शाम 5 बजे से रात 9 बजे तक (4 घंटे) रोक लगाई गई है। यह व्यवस्था रेलवे स्टेशन आने-जाने वाले प्रमुख मार्गों पर प्रभावी रहेगी।
300 से ज्यादा गोदामों से बढ़ती है जाम की समस्या
जानकारी के मुताबिक तेलघानी नाका चौक, गंज मंडी और भैंसथान जैसे इलाकों में 300 से अधिक गोदाम संचालित हैं। यहां लोडिंग-अनलोडिंग के दौरान हल्के मालवाहक वाहनों की आवाजाही से अक्सर जाम की स्थिति बन जाती है।
पुलिस प्रशासन का मानना है कि इस नए ट्रैफिक प्रबंधन से स्टेशन क्षेत्र में जाम की समस्या काफी हद तक कम होगी और यात्रियों को राहत मिलेगी।
इन मार्गों पर लागू रहेगा प्रतिबंध
- अग्रसेन चौक से भैंसथान मार्ग – तेलघानी नाका चौक
- राठौर चौक से तेलघानी नाका चौक
- फाफाडीह चौक – स्टेशन चौक – तेलघानी नाका चौक
- चुना भट्टी से गुढ़ियारी अंडरब्रिज, नर्मदा पारा होते हुए स्टेशन चौक निकास गेट तक
- कर्मा चौक रामनगर से रामनगर ब्रिज एवं अंडरब्रिज होकर तेलघानी नाका चौक
- नहरपारा संजय गांधी चौक से स्टेशन गुरुद्वारा की ओर
पुलिस अधिकारियों ने साफ किया है कि नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
रेलवे स्टेशन क्षेत्र में सुगम यातायात और आम लोगों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए लागू किए गए इस ट्रैफिक प्लान से राजधानीवासियों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।



