महासमुंद में बड़ा नक्सल सरेंडर: 25 लाख का इनामी विकास उर्फ सुदर्शन समेत 15 माओवादियों ने देर रात डाले हथियार, गृहमंत्री बोले- पुनर्वास नीति का असर

महासमुंद, छत्तीसगढ़। जिले में नक्सल मोर्चे पर बड़ी कामयाबी मिली है। BBM (बलांगीर-बरगढ़-महासमुंद) डिवीजन कमेटी से जुड़े 15 इनामी माओवादियों ने देर रात 2 से 4 बजे के बीच महासमुंद के बलौदा थाने में पुलिस के सामने आत्मसमर्पण कर दिया।
समर्पण करने वालों में 9 महिला और 6 पुरुष माओवादी शामिल हैं। आत्मसमर्पण करने वालों में ओडिशा के पश्चिम सब जोनल ब्यूरो सचिव विकास उर्फ सुदर्शन भी शामिल हैं, जिन पर 25 लाख रुपए का इनाम घोषित था। उनके सरेंडर को सुरक्षा एजेंसियां बड़ी सफलता मान रही हैं।
राज्य के गृहमंत्री विजय शर्मा ने कहा, “सरकार की पुनर्वास नीति से प्रभावित होकर नक्सली मुख्यधारा में लौट रहे हैं। राज्य में शांति और विकास की दिशा में यह महत्वपूर्ण कदम है।”
छत्तीसगढ़ सरकार की पुनर्वास नीति के तहत आत्मसमर्पण करने वाले नक्सलियों को आर्थिक सहायता, कौशल विकास प्रशिक्षण और समाज में पुनर्वास की सुविधाएं दी जाती हैं।
फिलहाल महासमुंद पुलिस सरेंडर की औपचारिक प्रक्रिया पूरी करने में जुटी है। मामले का विस्तृत खुलासा आज दोपहर 4 बजे रक्षित केंद्र परसदा, महासमुंद में किया जाएगा। सुरक्षा एजेंसियों का मानना है कि यह सामूहिक आत्मसमर्पण नक्सल संगठन के कमजोर पड़ते नेटवर्क का संकेत है।



