AI समिट प्रोटेस्ट केस में कांग्रेस को राहत: यूथ कांग्रेस अध्यक्ष उदय भानु चिब को जमानत, कोर्ट ने रिमांड बढ़ाने से किया इनकार

रायपुर, 28 फ़रवरी 2026/ दिल्ली में आयोजित AI समिट के दौरान हुए शर्टलेस प्रोटेस्ट मामले में कांग्रेस को बड़ी राहत मिली है। इंडियन यूथ कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष उदय भानु चिब को पटियाला हाउस कोर्ट के ड्यूटी मजिस्ट्रेट ने 50 हजार रुपये के निजी मुचलके पर जमानत दे दी।
दिल्ली पुलिस क्राइम ब्रांच ने चिब की 7 दिन की पुलिस कस्टडी रिमांड बढ़ाने की मांग की थी, लेकिन कोर्ट ने इसे खारिज कर दिया। अदालत ने अपने आदेश में कहा कि रिमांड बढ़ाने के लिए पर्याप्त आधार पेश नहीं किए गए।
हालांकि, जमानत देते हुए कोर्ट ने कुछ शर्तें भी लगाई हैं। चिब को अपना पासपोर्ट कोर्ट में जमा कराने और इलेक्ट्रॉनिक गैजेट्स सरेंडर करने के निर्देश दिए गए हैं।
गौरतलब है कि दिल्ली के भारत मंडपम में AI समिट के दौरान यूथ कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने विरोध प्रदर्शन किया था, जिसके बाद पुलिस ने सख्त कार्रवाई करते हुए चिब समेत कई लोगों को गिरफ्तार किया था।
इस मामले में बीजेपी ने कांग्रेस पर तीखा हमला बोला था, वहीं कांग्रेस ने गिरफ्तारी को असंवैधानिक बताते हुए कहा था कि विरोध करना हर नागरिक का संवैधानिक अधिकार है।



