छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग फिर विवादों में: अधिक उम्र के अभ्यर्थी के चयन का आरोप, भाजपा नेता गौरीशंकर श्रीवास ने राज्यपाल से की जांच की मांग

रायपुर, 28 फ़रवरी 2026। छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग (PSC) एक बार फिर विवादों में आ गया है। इस बार मामला उद्योग विभाग में बायलर इंस्पेक्टर के पद पर भर्ती से जुड़ा है। भाजपा नेता गौरीशंकर श्रीवास ने चयन प्रक्रिया पर सवाल उठाते हुए राज्यपाल से औपचारिक शिकायत कर निष्पक्ष जांच की मांग की है।
शिकायत के अनुसार, कानन वर्मा नामक अभ्यर्थी का चयन निर्धारित आयु सीमा से अधिक होने के बावजूद कर लिया गया। आरोप है कि यह चयन नियमों के विरुद्ध किया गया है। बताया जा रहा है कि इसी भर्ती प्रक्रिया को लेकर दूसरे अभ्यर्थी साकेत अग्रवाल ने छत्तीसगढ़ हाई कोर्ट में याचिका दायर की थी। हाई कोर्ट ने साकेत अग्रवाल के पक्ष में फैसला सुनाते हुए उन्हें नियुक्ति देने का आदेश दिया था, लेकिन अब तक विभाग द्वारा आदेश पर अमल नहीं किया गया है।

गौरीशंकर श्रीवास ने आयोग के तीन सदस्यों—प्रवीण वर्मा, संत कुमार पासवान और सरिता उइके—की भूमिका पर भी सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि ये सदस्य पूर्व कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में नियुक्त हुए थे और इनकी गतिविधियां संदिग्ध रही हैं। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि प्रवीण वर्मा का संबंध चयनित अभ्यर्थी कानन वर्मा से बताया जा रहा है।
श्रीवास ने राज्यपाल को लिखे पत्र में मांग की है कि आयोग की निष्पक्षता बनाए रखने और युवाओं के भविष्य के साथ किसी भी प्रकार की अनियमितता को रोकने के लिए संबंधित सदस्यों को तत्काल पद से हटाकर पूरे मामले की उच्चस्तरीय जांच कराई जाए। उनका कहना है कि पूर्व में भी आयोग से जुड़े विवाद सामने आ चुके हैं, ऐसे में इस मामले की गंभीरता को देखते हुए सख्त कार्रवाई आवश्यक है।
फिलहाल इस मामले में आयोग या उद्योग विभाग की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।



