छत्तीसगढ़
Trending

नारायणपुर में सुरक्षाबलों की बड़ी कार्रवाई: नक्सली डंप से रॉकेट लॉन्चर, मोर्टार और 90 किलो से ज्यादा विस्फोटक बरामद

नारायणपुर, 26 फरवरी 2026। छत्तीसगढ़ के नारायणपुर जिले में नक्सल विरोधी अभियान के तहत सुरक्षाबलों को बड़ी सफलता मिली है। सर्च ऑपरेशन के दौरान जवानों ने नक्सलियों द्वारा जंगल में छिपाकर रखे गए भारी मात्रा में हथियार, विस्फोटक सामग्री, मेडिकल सामान और दैनिक उपयोग की वस्तुएं बरामद की हैं।

नारायणपुर के एसपी रॉबिंसन विकास गुड़िया ने बताया कि विश्वसनीय सूचना के आधार पर ग्राम कुमुराडी क्षेत्र में त्वरित और सुनियोजित एरिया डॉमिनेशन ऑपरेशन (एडीपी) चलाया गया। इस अभियान में सीओबी मंदोडा, 53वीं बटालियन आईटीबीपी और जिला पुलिस बल की संयुक्त टीम शामिल रही।

25 फरवरी को सूचना मिलने के बाद संयुक्त बल जंगल-पहाड़ की ओर रवाना हुआ। सघन तलाशी अभियान के दौरान नक्सलियों के एक ठिकाने से छिपाकर रखा गया डंप बरामद किया गया।

डंप से क्या-क्या मिला?

बरामद सामग्री में बड़ी मात्रा में विस्फोटक और आधुनिक हथियार शामिल हैं, जिनमें प्रमुख रूप से—

  • प्राइमा कॉर्ड, सेफ्टी फ्यूज, ऑरेंज फ्यूज
  • लगभग 35 किलो सुतली बम
  • 38 किलो उर्वरक पाउडर (भूरा)
  • 18 किलो इम्प्रोवाइज्ड विस्फोटक
  • 2.5 किलो चारकोल
  • 5 एएमएन पाउच
  • 1 इम्प्रोवाइज्ड रॉकेट लॉन्चर
  • 13 रॉकेट लॉन्चर सेल
  • 19 मोर्टार सेल (भारी), 11 मोर्टार सेल (हल्का)
  • 2 इम्प्रोवाइज्ड बीजीएल लॉन्चर (बड़ा और छोटा)
  • 35 से अधिक बीजीएल कारतूस (विभिन्न श्रेणी)
  • 70 लंबी दूरी और 55 छोटी दूरी के बीजीएल राउंड
  • 2 इम्प्रोवाइज्ड हैंड ग्रेनेड
  • मेडिकल सामग्री और दवाइयां

सुरक्षाबलों का मानना है कि यह डंप किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की तैयारी का हिस्सा हो सकता था। समय रहते की गई कार्रवाई से संभावित खतरे को टाल दिया गया है।

क्षेत्र में अभी भी सर्च ऑपरेशन जारी है। पुलिस ने कहा है कि नक्सल गतिविधियों पर लगातार नजर रखी जा रही है और अभियान आगे भी जारी रहेगा।

IMG 20250811 172353
Manish Tiwari

Show More

Related Articles

Back to top button