CG विधानसभा बजट सत्र का तीसरा दिन: नशीले पदार्थों की अवैध बिक्री पर ध्यानाकर्षण, राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन पर भी चर्चा; CM साय रखेंगे पत्र

रायपुर, 25 फरवरी 2026।छत्तीसगढ़ विधानसभा के बजट सत्र का तीसरा दिन आज कई अहम मुद्दों के साथ शुरू होगा। सदन में प्रश्नकाल के दौरान डिप्टी सीएम अरुण साव, मंत्री गजेंद्र यादव और मंत्री लखनलाल देवांगन विभिन्न विभागों से जुड़े सवालों के जवाब देंगे।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और डिप्टी सीएम विजय शर्मा सदन के पटल पर महत्वपूर्ण पत्र रखेंगे। वहीं मंत्री केदार कश्यप, श्याम बिहारी जायसवाल और गुरु खुशवंत भी अपने-अपने विभागों से जुड़े दस्तावेज सदन में प्रस्तुत करेंगे।
नवंबर–दिसंबर 2025 सत्र के अपूर्ण प्रश्नों के पूर्ण उत्तर भी आज पटल पर रखे जाएंगे। सदन में पढ़ी गई सूचनाओं और उनके उत्तरों का संकलन प्रस्तुत किया जाएगा। इसके साथ ही राज्यपाल की अनुमति प्राप्त विधेयकों की जानकारी भी दी जाएगी।
ध्यानाकर्षण प्रस्तावों पर चर्चा
आज सदन में दो ध्यानाकर्षण प्रस्ताव लगाए जाएंगे। विधायक अजय चंद्राकर और धरमलाल कौशिक प्रदेश में नशीले पदार्थों की अवैध बिक्री का मुद्दा उठाएंगे। वहीं विधायक राघवेंद्र सिंह राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन से जुड़े विषय पर सरकार का ध्यान आकर्षित करेंगे।
मंत्री दयालदास बघेल और विधायक रेणुका सिंह अनुपस्थिति की अनुज्ञा सौंपेंगे। विधायक भावना बोहरा और रोहित साहू याचिकाएं पेश करेंगे।
सत्र के दौरान राज्यपाल के अभिभाषण पर भी विस्तृत चर्चा होगी, जिस पर पक्ष-विपक्ष के बीच तीखी बहस होने की संभावना है।



