बजट पेश करने से पहले CM साय से मिले वित्त मंत्री ओपी चौधरी: कहा- प्रदेश की आकांक्षाओं को पूरा करेगा बजट 2026-27, डिप्टी CM और मंत्री भी रहे मौजूद

रायपुर, 24 फरवरी 2026। वित्तीय वर्ष 2026-27 का बजट पेश करने से पहले वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने आज विधानसभा परिसर स्थित मुख्यमंत्री कक्ष में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय से सौजन्य मुलाकात की।
इस दौरान मुख्यमंत्री साय ने वित्त मंत्री को आगामी बजट के लिए शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि यह बजट प्रदेशवासियों की आकांक्षाओं को पूरा करने वाला तथा छत्तीसगढ़ के समग्र विकास को नई दिशा देने वाला सिद्ध होगा। मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि सरकार की जनकल्याणकारी प्राथमिकताओं, सुशासन और समावेशी विकास के संकल्प को यह बजट और अधिक सशक्त आधार प्रदान करेगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार प्रदेश के हर वर्ग—किसान, युवा, महिला, मजदूर और व्यापारी—को ध्यान में रखते हुए संतुलित एवं विकासोन्मुखी बजट प्रस्तुत करने के लिए प्रतिबद्ध है।
इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा, उप मुख्यमंत्री अरुण साव, मंत्रिपरिषद के सभी मंत्रीगण तथा वित्त सचिव मुकेश बंसल उपस्थित थे।
उल्लेखनीय है कि आज ही सदन में वित्त मंत्री ओपी चौधरी द्वारा वित्तीय वर्ष 2026-27 का बजट प्रस्तुत किया जाएगा, जिसे साय सरकार के विकास एजेंडे की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।



