छत्तीसगढ़
Trending

बालोद में तंत्र विद्या का सनसनीखेज मामला: तीन साल की मासूम की कब्र खोदी, शव का सिर गायब, गांव में दहशत

बालोद, 16 फरवरी 2026। छत्तीसगढ़ के बालोद जिले से मानवता को झकझोर देने वाला मामला सामने आया है। गुंडरदेही थाना क्षेत्र के हल्दी चौकी अंतर्गत ग्राम माहुदबी में तीन साल की मासूम बच्ची की कब्र से छेड़छाड़ कर शव का सिर गायब कर दिया गया। आशंका जताई जा रही है कि अज्ञात आरोपियों ने तंत्र विद्या के नाम पर इस वारदात को अंजाम दिया है। घटना के बाद पूरे गांव में भय और आक्रोश का माहौल है।

जानकारी के मुताबिक, करीब तीन महीने पहले माहुदबी निवासी तीन वर्षीय प्रिया साहू की बीमारी से मौत हो गई थी। परिजनों ने गांव में ही बच्ची को दफनाया था। बीती रात अज्ञात लोग कब्रिस्तान पहुंचे और दफन स्थल की खुदाई कर शव निकालने की कोशिश की।

सुबह ग्रामीणों ने कब्र के पास नींबू और पूजा सामग्री बिखरी देखी, जिसके बाद मामले की सूचना पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों की मौजूदगी में कब्र की दोबारा खुदाई कराई गई। जांच के दौरान शव के हाथ, पैर और धड़ सुरक्षित मिले, लेकिन सिर गायब था।

एसडीओपी राजेश बागड़े ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला तंत्र क्रिया से जुड़ा प्रतीत हो रहा है। अज्ञात आरोपियों के खिलाफ अपराध दर्ज कर लिया गया है और उनकी तलाश के लिए टीम गठित की गई है। आसपास के क्षेत्रों में भी पूछताछ की जा रही है।

इस भयावह घटना से गांव के लोग दहशत में हैं। पुलिस ने आश्वासन दिया है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

IMG 20250811 172353
Manish Tiwari

Show More

Related Articles

Back to top button