दुर्ग में CISF जवान ने लगाई फांसी : कैंप परिसर में मिला शव — बीमारी से तनाव की आशंका

दुर्ग, छत्तीसगढ़: उतई थाना क्षेत्र स्थित Central Industrial Security Force (CISF) आरटीसी कैंप में पदस्थ जवान मुकेश सिंह (27) ने गुरुवार रात फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। शुक्रवार सुबह उनका शव कैंप के साइकिल स्टैंड के पास पार्किंग क्षेत्र में फंदे से लटका मिला।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को नीचे उतरवाकर जिला अस्पताल की मर्चुरी में रखवाया गया। मृतक मूल रूप से गोरखपुर का रहने वाला था।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि जवान लंबे समय से किडनी की बीमारी से पीड़ित था और मानसिक तनाव में रहने की आशंका है। घटनास्थल से एक खाली कागज मिला है, जिस पर उसने अपने भाई का नाम और मोबाइल नंबर लिखा था। पुलिस इसे अहम सुराग मानकर जांच कर रही है।
उतई थाना पुलिस ने मर्ग कायम कर साथियों और कैंप स्टाफ से पूछताछ शुरू कर दी है। आत्महत्या के कारणों का खुलासा जांच के बाद ही हो सकेगा।



