असम के सीएम हिमंता बिस्वा शर्मा ने भूपेश बघेल समेत 3 कांग्रेस नेताओं पर ठोका ₹500 करोड़ का मानहानि केस

रायपुर/असम।असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा शर्मा ने कांग्रेस नेताओं जितेंद्र सिंह, भूपेश बघेल और गौरव गोगोई के खिलाफ ₹500 करोड़ के हर्जाने की मांग करते हुए मानहानि का मुकदमा दायर किया है। मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट कर दावा किया कि इन नेताओं ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के जरिए उनके खिलाफ झूठे, दुर्भावनापूर्ण और उनकी छवि को नुकसान पहुंचाने वाले आरोप लगाए हैं।
दरअसल, असम कांग्रेस अध्यक्ष गौरव गोगोई ने 4 फरवरी को आरोप लगाया था कि मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा शर्मा के परिवार ने राज्यभर में करीब 12,000 बीघा जमीन पर कब्जा किया है, जो लगभग 3,960 एकड़ से भी अधिक बताई जा रही है। इन आरोपों के बाद राजनीतिक माहौल गरमा गया।
मुख्यमंत्री शर्मा पहले से ही हाल के दिनों में धार्मिक आधार पर अलगाव जैसी व्यवस्था की बात कहने को लेकर पूर्व सुप्रीम कोर्ट जजों और नागरिक समाज के निशाने पर रहे हैं। अब जमीन से जुड़े आरोपों के बाद वे एक बार फिर विवादों के केंद्र में आ गए हैं।
इन आरोपों पर प्रतिक्रिया देते हुए मुख्यमंत्री ने साफ कहा कि वे कांग्रेस नेताओं, जिनमें गौरव गोगोई भी शामिल हैं, के खिलाफ मानहानि का मुकदमा दायर करेंगे और कानूनी लड़ाई लड़ेंगे।
वहीं, गौरव गोगोई ने मुख्यमंत्री के इस कदम को घबराहट बताया है। उन्होंने X पर लिखा,
“मुख्यमंत्री की प्रतिक्रिया से साफ है कि वे डरे हुए हैं। अगर उनमें हिम्मत है, तो शरण लेने के बजाय जनता की अदालत में हमसे मुकाबला करें।”
अब इस मामले पर सबकी नजर अदालत की कार्यवाही और राजनीतिक बयानबाजी पर टिकी हुई है।



