27-28 मार्च को रायपुर में प्रवासी छत्तीसगढ़ कॉन्क्लेव: विदेशों में बसे छत्तीसगढ़ी होंगे एक मंच पर, निवेश और विकास पर मंथन

रायपुर | 5 फरवरी 2026
प्रदेश के विकास में प्रवासी छत्तीसगढ़ियों की भागीदारी को मजबूत करने के उद्देश्य से 27 और 28 मार्च को राजधानी रायपुर में प्रवासी छत्तीसगढ़ कॉन्क्लेव का आयोजन किया जाएगा। यह दो दिवसीय आयोजन नॉर्थ अमेरिका छत्तीसगढ़ एसोसिएशन (NACHA) और छत्तीसगढ़ एनआरआई संघ के सहयोग से किया जा रहा है।
कॉन्क्लेव में भारत के बाहर विभिन्न देशों में निवासरत छत्तीसगढ़ी नागरिक शामिल होंगे। आयोजन के लिए पंजीयन प्रक्रिया जल्द शुरू की जाएगी।
कॉन्क्लेव का उद्देश्य प्रवासी छत्तीसगढ़ियों को राज्य के सामाजिक, सांस्कृतिक और आर्थिक विकास से जोड़ना है। कार्यक्रम के दौरान छत्तीसगढ़ में निवेश की संभावनाओं, रोजगार सृजन, शिक्षा, स्वास्थ्य, पर्यटन, उद्योग और स्टार्टअप विकास जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत विचार-विमर्श होगा।
साथ ही, प्रवासी छत्तीसगढ़ियों के अनुभव, ज्ञान और संसाधनों के माध्यम से राज्य के समग्र विकास में उनकी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने को लेकर संवाद किया जाएगा। इस मंच के जरिए प्रदेश और प्रवासी छत्तीसगढ़ी समाज के बीच सहयोग की नई संभावनाओं को तलाशने का प्रयास किया जाएगा।
कॉन्क्लेव में विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े विशेषज्ञ, उद्यमी, सामाजिक कार्यकर्ता और विशिष्ट अतिथि भाग लेंगे। आयोजन को छत्तीसगढ़ की वैश्विक पहचान को और सशक्त करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि प्रवासी छत्तीसगढ़ी प्रदेश की अमूल्य पूंजी हैं। उन्होंने कहा कि विदेशों में कार्यरत छत्तीसगढ़ी नागरिक अपने ज्ञान, अनुभव और निवेश के माध्यम से राज्य के विकास को नई गति दे सकते हैं। सरकार चाहती है कि प्रवासी छत्तीसगढ़ी प्रदेश के औद्योगिक, शैक्षणिक और सामाजिक विकास में सक्रिय भूमिका निभाएं।



