अजित पवार के अंतिम संस्कार में चेन स्नैचिंग, 15 लोगों से लूटे गए 30 लाख के गहने

नई दिल्ली/बारामती।
महाराष्ट्र के पूर्व उपमुख्यमंत्री अजित पवार के निधन के बाद बारामती में हुए उनके अंतिम संस्कार के दौरान एक शर्मनाक घटना सामने आई है। जहां एक ओर लाखों लोग उन्हें अंतिम विदाई देने पहुंचे थे, वहीं दूसरी ओर कुछ चोरों ने भीड़ का फायदा उठाकर कई लोगों के गले से सोने की चेन झपट ली।
पुलिस के अनुसार, अंतिम संस्कार कार्यक्रम के दौरान करीब 15 लोगों की सोने की चेन चोरी हुई, जिनकी कुल कीमत 25 से 30 लाख रुपये आंकी गई है। यह वारदात उस वक्त हुई जब विद्या प्रतिष्ठान मैदान में पूरे राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया जा रहा था।
बताया जा रहा है कि अजित पवार एक कार्यक्रम में शामिल होने जा रहे थे, तभी लैंडिंग के दौरान उनका विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया, जिसमें उनका निधन हो गया। इस घटना से पूरे महाराष्ट्र में शोक की लहर दौड़ गई थी।
इसी बीच, अंतिम संस्कार में उमड़ी भारी भीड़ का फायदा उठाकर चोर सक्रिय हो गए। हालांकि कुछ सतर्क लोगों ने चेन स्नैचिंग करते हुए कुछ आरोपियों को रंगे हाथों पकड़ लिया, जिन्हें बाद में पुलिस के हवाले कर दिया गया।
पुलिस ने इस मामले में अब तक 7 आरोपियों को गिरफ्तार किया है और उनके पास से करीब 20 लाख रुपये का चोरी का सामान बरामद किया गया है।
गौरतलब है कि इस कार्यक्रम की सुरक्षा के लिए लगभग 8,000 पुलिसकर्मी तैनात थे। इसके बावजूद इतनी बड़ी चोरी की घटना सामने आने से पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए हैं। घटना को लेकर स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश है।



