छत्तीसगढ़
Trending

सरगुजा ओलंपिक 2026 का आगाज: 12 खेलों में 3.50 लाख खिलाड़ियों का रजिस्ट्रेशन, CM साय ने लोगो-शुभंकर ‘गजरु’ किया लॉन्च

रायपुर | 29 जनवरी 2026

बस्तर ओलंपिक की तर्ज पर अब सरगुजा में भी खेल महाकुंभ होगा। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने मंत्रालय महानदी भवन में सरगुजा ओलंपिक 2026 के लोगो और शुभंकर ‘गजरु’ का अनावरण किया। उन्होंने कहा कि सरगुजा पूरे उत्साह और मनोयोग के साथ ओलंपिक आयोजन के लिए तैयार है और यह मंच यहां के युवाओं को अपनी खेल प्रतिभा दिखाने का सुनहरा अवसर देगा।

सरगुजा ओलंपिक में 12 खेल विधाओं के लिए 3 लाख 50 हजार से ज्यादा खिलाड़ियों ने पंजीयन कराया है। मुख्यमंत्री ने इसे युवाओं की ऊर्जा, खेलों के प्रति बढ़ते रुझान और जनभागीदारी का प्रमाण बताया। उन्होंने कहा कि बस्तर ओलंपिक को जिस तरह राष्ट्रीय पहचान मिली, वही सफलता सरगुजा ओलंपिक भी हासिल करेगा।

उप मुख्यमंत्री एवं खेल मंत्री अरुण साव ने कहा कि सरगुजा ओलंपिक के विजेता खिलाड़ियों को राज्य की खेल प्रशिक्षण अकादमियों में सीधे प्रवेश मिलेगा। साथ ही उन्हें यूथ आइकॉन घोषित कर बच्चों और युवाओं को खेलों से जोड़ने के लिए प्रेरित किया जाएगा।

सरगुजा ओलंपिक 2026 का लोगो क्षेत्र की प्राकृतिक सुंदरता, सांस्कृतिक विरासत और खेल भावना को दर्शाता है। लोगो के केंद्र में मैनपाट का टाइगर पॉइंट जलप्रपात दर्शाया गया है। चारों ओर 12 खेलों के प्रतीक चिन्ह समावेशिता और समान अवसर का संदेश देते हैं। लाल रंग पहाड़ी कोरवा जनजाति की संस्कृति, साहस और ऊर्जा का प्रतीक है।

सरगुजा ओलंपिक 2026 का शुभंकर ‘गजरु’ हाथी को दर्शाता है, जिसे आदिवासी समाज में शक्ति, धैर्य, बुद्धिमत्ता और एकता का प्रतीक माना जाता है। यह टीम वर्क, अनुशासन और निरंतर प्रयास का संदेश देता है।

सरगुजा ओलंपिक के लिए 28 दिसंबर 2025 से 25 जनवरी 2026 तक पंजीयन हुआ, जिसमें 06 जिलों से 3 लाख 50 हजार प्रतिभागी जुड़े। इनमें 1 लाख 59 हजार पुरुष और 1 लाख 89 हजार महिला खिलाड़ी शामिल हैं। कबड्डी, खो-खो, तीरंदाजी, फुटबॉल, वॉलीबॉल, हॉकी, कुश्ती, रस्साकसी सहित 12 खेल विधाओं में विकासखंड, जिला और संभाग स्तर पर प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी।

कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री अरुण साव, मुख्य सचिव विकास शील, प्रमुख सचिव सुबोध कुमार सिंह, सचिव राहुल भगत, खेल सचिव यशवंत कुमार, खेल संचालक तनुजा सलाम सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।


IMG 20250811 172353
Manish Tiwari

Show More

Related Articles

Back to top button