आज की बड़ी खबरें: मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय रायपुर–जशपुर दौरे पर, ‘चित्रोत्पला फिल्म सिटी’ का भूमिपूजन, स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल का MCB जिला प्रवास, ‘रायपुर साहित्य उत्सव’ का दूसरा दिन—पढ़ें आज की सभी बड़ी खबरें

रायपुर, 24 जनवरी 2026/छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय आज रायपुर और जशपुर जिले के विभिन्न कार्यक्रमों में शामिल होंगे। तय कार्यक्रम के अनुसार मुख्यमंत्री सुबह 11:25 बजे माना-तूता क्षेत्र पहुंचकर बहुप्रतीक्षित चित्रोत्पला फिल्म सिटी का भूमिपूजन करेंगे।
इसके बाद मुख्यमंत्री रायपुर के पंडित दीनदयाल ऑडिटोरियम में आयोजित राज्य स्तरीय सड़क सुरक्षा माह–2026 के सम्मान समारोह में सहभागिता करेंगे। कार्यक्रमों के पश्चात मुख्यमंत्री हेलीकॉप्टर से जशपुर जिले के नगर पंचायत कोतबा पहुंचेंगे, जहां वे विभिन्न विकास कार्यों का भूमिपूजन और लोकार्पण करेंगे। मुख्यमंत्री का आज रात्रि विश्राम अपने गृह ग्राम बगिया में प्रस्तावित है।
148 करोड़ की लागत से बनेगी चित्रोत्पला फिल्म सिटी
राजधानी रायपुर में बनने वाली चित्रोत्पला फिल्म सिटी राज्य सरकार की महत्वाकांक्षी परियोजना है। लगभग 100 एकड़ क्षेत्र में विकसित की जा रही इस फिल्म सिटी में हाई-टेक स्टूडियो, आउटडोर शूटिंग लोकेशन, पोस्ट-प्रोडक्शन यूनिट, ऑडिटोरियम, होटल और प्रशिक्षण केंद्र की सुविधा होगी।
परियोजना पर 148 करोड़ रुपये की लागत आएगी और इसके निर्माण से स्थानीय कलाकारों व युवाओं को रोजगार के नए अवसर मिलेंगे।
भूमिपूजन कार्यक्रम में मुख्यमंत्री के साथ पर्यटन मंत्री राजेश अग्रवाल भी उपस्थित रहेंगे। अधिकारियों के अनुसार यह फिल्म सिटी बॉलीवुड, क्षेत्रीय सिनेमा के साथ-साथ अंतरराष्ट्रीय फिल्म प्रोजेक्ट्स को भी आकर्षित करेगी। छत्तीसगढ़ फिल्म विकास निगम द्वारा इसकी निगरानी की जाएगी और निर्माण कार्य 2 से 3 वर्षों में पूरा होने की संभावना है।
स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल का MCB दौरा
छत्तीसगढ़ के स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल आज मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर (MCB) जिले के दौरे पर रहेंगे। तय कार्यक्रम के अनुसार वे ग्राम पंचायत लाई में आयोजित ‘विकसित भारत जी राम जी’ कार्यक्रम में शामिल होंगे। इसके बाद ग्राम पंचायत मेरो पहुंचकर कबड्डी प्रतियोगिता में सहभागिता करेंगे। स्वास्थ्य मंत्री का रात्रि विश्राम अपने गृह ग्राम रतनपुर में होगा।
रायपुर साहित्य उत्सव का आज दूसरा दिन
राजधानी रायपुर में आयोजित रायपुर साहित्य उत्सव का आज दूसरा दिन है। उत्सव के दूसरे दिन राष्ट्र सेवा के सौ वर्ष, छत्तीसगढ़ के लोक गीत, धार्मिक फिल्में और टीवी धारावाहिक, भारत का बौद्धिक विमर्श, राष्ट्रीय मीडिया में बहस के मुद्दे, नई पीढ़ी की फिल्मी दुनिया और ‘उपनिषद से एआई तक साहित्य’ जैसे विषयों पर गहन चर्चा होगी।
इसके अलावा माओवादी आतंक और लोकतंत्र, डॉ. अंबेडकर के विचार, भाषा और साहित्य की वर्तमान स्थिति तथा लुप्त होते बाल साहित्य पर संवाद प्रस्तावित है। शाम को पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की स्मृति में काव्य पाठ का आयोजन किया जाएगा।



