अंगदान को मिलेगा राजकीय सम्मान? विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय को लिखा पत्र, छत्तीसगढ़ में नई पहल की मांग

रायपुर, 21 जनवरी 2026/ छत्तीसगढ़ विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने राज्य में अंगदान को बढ़ावा देने के लिए एक अहम और मानवीय पहल की है। उन्होंने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय को पत्र लिखकर यह आग्रह किया है कि मृत्योपरांत अंगदान करने वाले व्यक्तियों को “राजकीय सम्मान” प्रदान करने की नीति पर गंभीरता से विचार किया जाए।
डॉ. रमन सिंह ने अपने पत्र में सर्वधर्म सेवा संस्था, भिलाई के अध्यक्ष सुरेश खांडवे की मांग का समर्थन करते हुए कहा है कि देश में अंगदान की स्थिति बेहद चिंताजनक है। वर्तमान में भारत में प्रति 10 लाख आबादी पर मात्र 0.34 प्रतिशत लोग ही अंगदान कर रहे हैं। वहीं आंख, किडनी, लीवर जैसे महत्वपूर्ण अंगों की कमी के कारण हर साल लाखों लोगों की असमय मृत्यु हो जाती है।
उन्होंने लिखा कि यदि अंगदान को सामाजिक प्रतिष्ठा और सरकारी मान्यता दी जाए, तो अधिक से अधिक लोग इसके लिए प्रेरित होंगे और इस गंभीर संकट को काफी हद तक कम किया जा सकता है।
डॉ. रमन सिंह ने यह भी उल्लेख किया कि छत्तीसगढ़ अंगदान के मामले में देश के कई राज्यों से पीछे है, जबकि तमिलनाडु और कर्नाटक जैसे राज्यों ने अंगदाताओं को राजकीय सम्मान देने की घोषणा कर एक सकारात्मक उदाहरण पेश किया है। इन राज्यों में इस फैसले के बाद अंगदान को लेकर जनजागरूकता और सहभागिता में उल्लेखनीय वृद्धि दर्ज की गई है।
पत्र में यह भी बताया गया कि सर्वधर्म सेवा संस्था (छत्तीसगढ़) द्वारा मृत्योपरांत अंगदान करने वालों को राजकीय सम्मान दिए जाने की मांग की गई है, जिसे विधानसभा अध्यक्ष ने जनहित से जुड़ा अत्यंत महत्वपूर्ण विषय बताया है।
डॉ. रमन सिंह ने मुख्यमंत्री से अपील की है कि जनहित को सर्वोपरि रखते हुए इस विषय पर सकारात्मक निर्णय लिया जाए और संबंधित विभागों को आवश्यक निर्देश देकर उचित कार्यवाही सुनिश्चित की जाए, ताकि छत्तीसगढ़ में अंगदान को सामाजिक स्वीकृति, सम्मान और नई प्रेरणा मिल सके।



