अंबिकापुर में खौफनाक लूट: व्यापारी के सिर पर डंडा मारकर 20 लाख उड़ाए, CCTV में पूर्व कर्मचारी बैग लेकर फरार

अंबिकापुर। सरगुजा जिले के अंबिकापुर शहर में रविवार रात साढ़े 9 बजे सनसनीखेज लूट की वारदात सामने आई। सत्तीपारा इलाके में बदमाशों ने मोबाइल कारोबारी अनिल अग्रवाल पर जानलेवा हमला कर रुपयों से भरा बैग लूट लिया। इस हमले में व्यापारी गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पीड़ित अनिल अग्रवाल, राम मंदिर के पास स्थित अग्रवाल इंटरप्राइजेस इंद्रप्रस्थ नाम से मोबाइल और एफएमसीजी का होलसेल कारोबार करते हैं। वे रोज की तरह दुकान बंद कर स्कूटी से घर लौट रहे थे। जैसे ही वे सत्तीपारा स्थित रानी सती मंदिर कॉलोनी की ओर मुड़े, पीछे से आए आरोपी ने उनके सिर पर बांस के मोटे डंडे से वार कर दिया। अचानक हुए हमले में अनिल अग्रवाल स्कूटी से गिरकर बेहोश हो गए।
इस दौरान बदमाश उनके पास रखा रुपयों से भरा बैग लेकर फरार हो गया। बैग में करीब 20 लाख रुपए थे, जो मोबाइल और हिंदुस्तान यूनिलीवर के सब-डीलरों से दिनभर में वसूली गई रकम थी।
CCTV में कैद हुई पूरी वारदात
घटना के बाद कोतवाली पुलिस ने इलाके के CCTV कैमरों की जांच की, जिसमें एक युवक बैग लेकर भागते हुए साफ नजर आया। जांच में खुलासा हुआ कि आरोपी अनिल अग्रवाल की दुकान में पहले काम कर चुका पूर्व कर्मचारी है, जिसे व्यापारी की दिनचर्या और रोज की नकदी की पूरी जानकारी थी। पुलिस को शक है कि उसने पहले से रेकी कर पूरी साजिश रची थी।
पुलिस का एक्शन, 18 लाख रुपए बरामद
सीएसपी राहुल बंसल के नेतृत्व में पुलिस टीम ने रात में ही आरोपी का पीछा किया। आरोपी भातूपारा की ओर भागा, लेकिन एक खेत में उसकी पल्सर बाइक फंस गई। मौके का फायदा उठाकर वह भाग निकला, लेकिन रुपयों से भरा बैग और बाइक वहीं छोड़ गया। पुलिस ने बैग से 18 लाख रुपए नगद बरामद कर लिए हैं।
फिलहाल आरोपी फरार है और उसकी तलाश में पुलिस की टीमें लगातार दबिश दे रही हैं। पुलिस का दावा है कि जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
अंबिकापुर की इस वारदात ने शहर की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं, वहीं व्यापारियों में दहशत का माहौल है।



