छत्तीसगढ़

बीजापुर के आवासीय स्कूल में शिक्षक पर गंभीर आरोप: 2024 से परेशान करने का दावा, 7 बच्चों के पालक पहुंचे कलेक्टर-SP के पास

बीजापुर, 13 सितम्बर 2026। जिले के रुद्रारम स्थित एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय में कंप्यूटर शिक्षक देवेंद्र दहिया पर बच्चों के साथ कथित तौर पर अनुचित व्यवहार करने के गंभीर आरोप लगे हैं। बच्चों और उनके पालकों ने मामले की शिकायत कलेक्टर और एसपी से करते हुए निष्पक्ष जांच और दोषी पाए जाने पर कार्रवाई की मांग की है।

पालकों और बच्चों की शिकायत के अनुसार, शिक्षक पर वर्ष 2024 से लगातार बच्चों को परेशान करने और अनुचित व्यवहार करने के आरोप लगाए जा रहे हैं। करीब दो वर्षों से यह सिलसिला चलने का दावा किया गया है। बच्चों का कहना है कि जब उन्होंने इस संबंध में शिकायत करने की बात कही तो उन्हें कथित तौर पर डराया-धमकाया गया। इसी वजह से वे लंबे समय तक खुलकर सामने नहीं आ सके।

पालकों को बताई पूरी बात

कुछ दिन पहले बच्चों ने हिम्मत जुटाकर अपने माता-पिता को पूरी घटना की जानकारी दी। इसके बाद पालकों ने आपस में चर्चा कर प्रशासन के सामने मामला रखने का निर्णय लिया। फिलहाल सात बच्चों की ओर से शिकायत किए जाने की बात सामने आई है। शिकायत पत्र पर बच्चों और उनके पालकों के हस्ताक्षर भी बताए गए हैं।

पालकों का कहना है कि बच्चों की शिकायत सामने आने के बाद मामले की गंभीरता से जांच की जानी चाहिए, ताकि वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सके और आरोप सही पाए जाने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाए।

प्राचार्य पर शिकायत दबाने का आरोप

पालकों ने विद्यालय प्रबंधन की भूमिका पर भी सवाल उठाए हैं। उनका आरोप है कि बच्चों ने पहले प्राचार्य को मामले की जानकारी दी थी, लेकिन शिकायत को गंभीरता से लेने के बजाय उसे दबाने का प्रयास किया गया। यह भी आरोप लगाया गया है कि बच्चों को आश्रम से निकालने तक की बात कही गई थी।

पालकों ने कहा कि आवासीय विद्यालय में बच्चे अपने परिवार से दूर रहते हैं। ऐसे में उनकी सुरक्षा और शिकायतों पर तत्काल कार्रवाई करना विद्यालय प्रबंधन की जिम्मेदारी है।

एसडीएम कर रहे मामले की जांच

मामले में एकलव्य विद्यालय के सहायक आयुक्त देवेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि शिक्षक के खिलाफ अनुचित स्पर्श (बेड टच) संबंधी शिकायत मिली है। फिलहाल एसडीएम मामले की जांच कर रहे हैं। जांच पूरी होने के बाद नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

विद्यालय की प्राचार्य ई नारायणअम्मा ने बताया कि शिक्षक दिवस से पहले बच्चों ने इस संबंध में जानकारी दी थी और मामला उच्च अधिकारियों के संज्ञान में लाया गया है।

फिलहाल बच्चों और पालकों की शिकायत के बाद प्रशासनिक जांच शुरू हो गई है। अब जांच में लगाए गए आरोपों की वास्तविकता सामने आने और उसके आधार पर कार्रवाई का इंतजार है।

IMG 20250811 172353
Manish Tiwari

Show More

Related Articles

Back to top button