CAIT प्रतिनिधियों ने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय से की मुलाकात, स्वदेशी संकल्प यात्रा में शामिल होने का आमंत्रण

रायपुर, 15 दिसंबर 2025। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय से आज विधानसभा स्थित उनके कार्यालय कक्ष में कन्फेडरेशन ऑफ इंडिया ट्रेडर्स (CAIT) के प्रतिनिधियों ने सौजन्य मुलाकात की। इस दौरान प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री को CAIT एवं स्वदेशी जागरण मंच के संयुक्त तत्वावधान में देशभर में आयोजित स्वदेशी संकल्प यात्रा के तहत 20 दिसंबर को दुर्ग में होने वाले कार्यक्रम में शामिल होने का आमंत्रण दिया।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने प्रतिनिधियों का स्वागत करते हुए आमंत्रण के लिए आभार जताया और स्वदेशी विचारधारा को मजबूत करने वाले ऐसे आयोजनों की सराहना की। उन्होंने कहा कि वोकल फॉर लोकल और स्थानीय व्यापार को बढ़ावा देने की दिशा में ऐसे प्रयास महत्वपूर्ण हैं।
उल्लेखनीय है कि स्वदेशी संकल्प यात्रा दुर्ग शहर के प्रमुख मार्गों से होकर नगर भ्रमण करेगी। यात्रा का उद्देश्य स्वदेशी उद्यमिता को प्रोत्साहित करना, स्थानीय व्यापार को सशक्त बनाना और स्वदेशी के संदेश को जन-जन तक पहुंचाना है।
इस अवसर पर CAIT अध्यक्ष प्रकाश सांखला, यात्रा संयोजक संजय चौबे सहित संगठन के अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।



