आकांक्षा महिला समूह की पोषण यूनिट से बदलेगी तस्वीर: सूरजपुर के 366 आंगनबाड़ी केंद्रों को मिलेगा गुणवत्तापूर्ण आहार, महिलाओं को रोजगार

रायपुर, 13 दिसंबर 2025।सूरजपुर जिले में महिला सशक्तिकरण और बच्चों के पोषण को एक साथ मजबूत करने की दिशा में अहम पहल की गई है। भैयाथान विकासखंड के दर्रीपारा में आकांक्षा महिला स्वयं सहायता समूह द्वारा स्थापित पोषण आहार निर्माण यूनिट से अब 366 आंगनबाड़ी केंद्रों को नियमित रूप से पूरक पोषण आहार की आपूर्ति की जाएगी।
एकीकृत बाल विकास सेवाएं (ICDS) के अंतर्गत संचालित इस आधुनिक यूनिट के माध्यम से 6 माह से 6 वर्ष तक के बच्चों, गर्भवती एवं शिशुवती महिलाओं के साथ-साथ किशोरी बालिकाओं को गुणवत्तापूर्ण पोषण आहार उपलब्ध कराया जाएगा। योजना के तहत 11 से 14 वर्ष की शाला त्यागी किशोरियों और 14 से 18 वर्ष की सभी किशोरी बालिकाओं को प्रतिदिन 5 रुपये की दर से पूरक पोषण आहार दिया जा रहा है।
महिला एवं बाल विकास विभाग के अनुसार, लगभग 90 लाख रुपये की लागत से स्थापित इस यूनिट में मीठा शक्ति आहार और पौष्टिक नमकीन दलिया का निर्माण किया जा रहा है। यहां से हर माह करीब 35 मीट्रिक टन पोषण आहार तैयार कर भैयाथान परियोजना क्षेत्र के 366 आंगनबाड़ी केंद्रों तक नियमित आपूर्ति सुनिश्चित की जाएगी।
इस संयंत्र का लोकार्पण महिला एवं बाल विकास तथा समाज कल्याण मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े द्वारा किया गया था। यह पहल न केवल बच्चों और महिलाओं के पोषण स्तर को बेहतर बनाएगी, बल्कि महिला स्वयं सहायता समूहों को स्थायी रोजगार और आत्मनिर्भरता की दिशा में भी मजबूत आधार प्रदान करेगी।
यह मॉडल ग्रामीण क्षेत्रों में आजीविका सृजन और सामाजिक विकास का सफल उदाहरण बनकर उभर रहा है।



