गोवा नाइट क्लब अग्निकांड: फुकेट में लूथरा ब्रदर्स हिरासत में, पहली तस्वीर आई सामने… दिल्ली लाए जाएंगे आरोपी

नई दिल्ली। गोवा के बर्च बाय रोमियो लेन नाइट क्लब में हुए भीषण अग्निकांड की जांच में बड़ा अपडेट सामने आया है। क्लब के मालिक सौरभ लूथरा और गौरव लूथरा को थाईलैंड के फुकेट में हिरासत में ले लिया गया है। दोनों की पहली तस्वीर भी सामने आई है।
जानकारी के मुताबिक, हादसे के तुरंत बाद दोनों भाई दिल्ली से फुकेट भाग गए थे। इससे पहले गोवा पुलिस ने दोनों का पासपोर्ट निलंबित कर दिया था। लूथरा ब्रदर्स पर गैर-इरादतन हत्या और लापरवाही का मामला दर्ज है।
🔥 क्या है मामला?
गोवा के अरपोरा स्थित बर्च बाय रोमियो लेन नाइट क्लब में लगी भीषण आग में 25 लोगों की मौत हो गई थी। मृतकों में 20 स्टाफ और 5 पर्यटक शामिल थे। आग बुझाने और रेस्क्यू के दौरान ही आरोपियों ने थाईलैंड की टिकट बुक कर ली थी और फरार हो गए थे।
✈️ थाईलैंड में हिरासत, अब दिल्ली लाए जाएंगे
समाचार एजेंसी एएनआई के अनुसार, थाई अधिकारियों द्वारा हिरासत में लिए गए दोनों भाइयों को अब भारतीय एजेंसियां दिल्ली लाएंगी, जहां उनसे विस्तृत पूछताछ होगी।
🚫 अग्निकांड के बाद प्रशासन हुआ सख्त
दुर्घटना के बाद जिला प्रशासन ने उत्तर गोवा में बड़ा फैसला लिया है।
धारा 163 (भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता 2023) के तहत नाइट क्लब, बार, होटल, गेस्टहाउस, बीच शैक और रेस्टोरेंट जैसी सभी जगहों पर पटाखे, आतिशबाजी और फुलझड़ियों के इस्तेमाल पर पूर्ण रोक लगा दी गई है।
यह आदेश तुरंत प्रभाव से लागू है और उल्लंघन करने वालों पर कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।



