शिक्षा से बदलेगी किस्मत! रायपुर में बोले CM विष्णु देव साय — “समाज की असली ताकत है शिक्षा और संगठन”

रायपुर, 07 दिसंबर 2025।मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि सामाजिक विकास का वास्तविक आधार शिक्षा है। उन्होंने कहा कि जीवन के हर क्षेत्र—चाहे व्यापार हो, कृषि हो, कला हो या कोई और क्षेत्र—सफलता की पहली सीढ़ी शिक्षा ही है। मुख्यमंत्री रायपुर स्थित इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय के कृषक सभागार में आयोजित छत्तीसगढ़ प्रदेश सर्व रविदास समाज के शपथ ग्रहण समारोह को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने मंच पर सभी नव-निर्वाचित पदाधिकारियों को शपथ दिलाई और शुभकामनाएँ दीं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार प्रारंभ से ही शिक्षा की गुणवत्ता को बढ़ाने के लिए निरंतर काम कर रही है। राज्य गठन के समय जहाँ सिर्फ एक मेडिकल कॉलेज था, आज प्रदेश में लगभग 15 मेडिकल कॉलेज सक्रिय हैं। आईआईटी, ट्रिपल-आईटी, आईआईएम, लॉ यूनिवर्सिटी, एम्स और सिपेट जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों की स्थापना से राज्य के युवाओं को बड़े अवसर मिले हैं।
साय ने कहा कि समाज का मजबूत और संगठित होना समय की मांग है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मूलमंत्र—“सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास”—का उल्लेख करते हुए कहा कि इसी सोच के साथ राज्य सरकार पिछले 23 महीनों से हर वर्ग के कल्याण के लिए कार्य कर रही है।

उन्होंने हाल के महीनों में उठाए गए महत्वपूर्ण कदमों का उल्लेख किया, जिनमें अन्नदाताओं के लिए ‘कृषक उन्नति योजना’, प्रत्येक परिवार को पक्का घर दिलाने के लिए ‘प्रधानमंत्री आवास योजना’, महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण के लिए ‘महतारी वंदन योजना’ और दुर्गम क्षेत्रों में शिक्षकों की उपलब्धता सुनिश्चित करने हेतु ‘शिक्षक युक्तियुक्तकरण’ जैसी योजनाएँ शामिल हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि अब तक विभिन्न विभागों में 10 हजार से अधिक युवाओं को नियुक्ति पत्र दिए जा चुके हैं। छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग की परीक्षाएँ पूर्ण निष्पक्षता के साथ सम्पन्न कराने से युवाओं का भरोसा और मजबूत हुआ है। नई उद्योग नीति से स्थानीय लोगों के लिए रोजगार और स्वरोजगार के अवसर बढ़े हैं।
साय ने समाज के लोगों से शासन की योजनाओं का अधिकाधिक लाभ लेने की अपील की ताकि वे अपने जीवन में सकारात्मक परिवर्तन ला सकें।
कार्यक्रम में चर्म शिल्पकार विकास बोर्ड के अध्यक्ष ध्रुव कुमार मिर्धा ने भी संबोधित किया और नव-निर्वाचित पदाधिकारियों को शुभकामनाएँ दीं।
इस अवसर पर सर्व रविदास समाज के प्रदेश अध्यक्ष विजय मेहरा, रायपुर संभाग आयुक्त महादेव कांवरे, दिलीप वासनीकर सहित बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।



