धान खरीदी में मिली सहूलियत: मृणाल मंडल को मिला उपज का उचित मूल्य

ऑनलाइन टोकन से तेज़ और सरल हुई खरीदी प्रक्रिया
रायपुर, 06 दिसंबर 2025/
छत्तीसगढ़ में धान खरीदी प्रक्रिया को ऑनलाइन टोकन प्रणाली ने और अधिक सहज बना दिया है। किसान अब घर बैठे ही टोकन प्राप्त कर सकते हैं और समिति पहुँचते ही बिना किसी परेशानी के धान बेच पा रहे हैं।
बलरामपुर-रामानुजगंज जिले के बलरामपुर विकासखंड स्थित धान उपार्जन केंद्र बरदर में ग्राम रामनगरकला के किसान मृणाल मंडल ने अपनी मेहनत की उपज के 166 बोरी धान का विक्रय किया। समिति में मिली व्यवस्थित प्रक्रिया, सुगम व्यवस्था और त्वरित खरीदी से वे बेहद संतुष्ट नजर आए।
मृणाल मंडल ने बताया कि उन्हें धान का सर्वोच्च मूल्य मिला है, जिससे उनकी मेहनत का उचित प्रतिफल मिला। प्रति एकड़ 21 क्विंटल की दर पर धान खरीदी किसानों के लिए बड़ी राहत साबित हो रही है। उन्होंने कहा कि समय पर खरीदी और बिना लंबी प्रतीक्षा के पूरी प्रक्रिया संपन्न होना उनके लिए सुखद अनुभव रहा।
मंडल ने बताया कि इस बार की उपज से मिली राशि का उपयोग वे परिवार की आवश्यकताओं और अगली फसल की तैयारी में करेंगे। साथ ही उन्होंने धान खरीदी व्यवस्था को सरल बनाने के लिए मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के प्रति आभार जताया।



