रायपुर में ड्रग्स तस्करी का भंडाफोड़, साइंस कॉलेज मैदान के पास कार से 2 तस्कर गिरफ्तार

रायपुर। राजधानी रायपुर पुलिस ने सरस्वती नगर थाना क्षेत्र में ड्रग्स तस्करी के एक बड़े मामले का खुलासा किया है। साइंस कॉलेज मैदान के पास संदिग्ध गतिविधियों की सूचना पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने एक काले रंग की कार से दो तस्करों—आयुष दुबे उर्फ मयंक निवासी पंचशील नगर, रायपुर और मृत्युंजय दुबे उर्फ एमडी निवासी पचपेड़ी नाका, रायपुर—को गिरफ्तार किया है।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 26.22 ग्राम हेरोइन (चिट्टा) बरामद की है, जिसकी बाजार कीमत 2,60,100 रुपए बताई जा रही है। इसके साथ ही पुलिस ने उनकी हुंडई कार (CG 04 NT 3892) जिसकी कीमत करीब 20 लाख रुपए, 7 मोबाइल फोन (कुल कीमत करीब 74 हजार रुपए) सहित कुल 23 लाख रुपए से अधिक का सामान जब्त किया है।
इस तरह पकड़े गए तस्कर
5 दिसंबर की रात दोनों आरोपी साइंस कॉलेज मैदान के पास कार में बैठे ग्राहकों का इंतजार कर रहे थे। मुखबिर से सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर दोनों को दबोच लिया। तलाशी के दौरान उनके पास से हेरोइन के पैकेट मिले।
कहां से लाए थे हेरोइन? किसे बेचने वाले थे?
पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी यह ड्रग्स कहां से लाए थे और इसका नेटवर्क किन लोगों से जुड़ा हुआ है। आरोपियों से पूछताछ जारी है और पुलिस जल्द ही पूरे मामले का खुलासा करने की बात कह रही है।
सरस्वती नगर पुलिस ने बताया कि ड्रग्स मॉड्यूल को खत्म करने के लिए टीम लगातार निगरानी कर रही है और इस कार्रवाई को उसी अभियान का हिस्सा बताया जा रहा है।



