किडनैप कर 14 लाख की लूट: CAF जवान–टीचर ने मिलकर बनाया न्यूड वीडियो, प्रोफेसर से वसूली

जांजगीर-चांपा जिले में एक चौंकाने वाली वारदात सामने आई है। यहां खरौद के लक्ष्मणेश्वर महाविद्यालय के एक प्रोफेसर का अपहरण कर उनसे 14 लाख रुपए लूट लिए गए। आरोप है कि यह साजिश CAF जवान करन दिनकर और बोरसी स्कूल के टीचर कार्तिकेश्वर रात्रे ने मिलकर रची। जवान करन दिनकर दो साल से ड्यूटी से गायब था और लोगों से उधारी लेकर जीवन यापन कर रहा था। उधारी बढ़ने पर दोनों ने प्रोफेसर को निशाना बनाया और किडनैपिंग की योजना बनाई।
मामला शिवरीनारायण थाना क्षेत्र का है।
कैसे हुआ अपहरण?
28 नवंबर की रात प्रोफेसर कॉलेज से पढ़ाकर बाइक से लौट रहे थे। रास्ते में सुनसान स्थान पर 5 युवकों ने उन्हें रोक लिया और उनके पास रखे 2900 रुपए लूट लिए। इसके बाद उन्हें जबरन बाइक में बैठाकर पामगढ़ के केसला गांव की खदान के पास ले जाया गया।
रातभर प्रोफेसर को वहीं रखा गया—खाना, पानी और कंबल भी दिया गया, लेकिन इसके बाद मारपीट शुरू हो गई। आरोपियों ने उनसे 25 लाख रुपए की मांग की। रुपए नहीं देने पर आरोपियों ने प्रोफेसर के कपड़े उतरवाकर न्यूड वीडियो बना लिया और वायरल करने की धमकी दी।
14 लाख रुपए का चेक लेकर भी नहीं छोड़ा
डर से प्रोफेसर ने अपने खाते से 14 लाख रुपए का चेक आरोपियों को दे दिया। अगले दिन आरोपी उन्हें बैंक लेकर गए। बैंक पहुंचकर प्रोफेसर ने हिम्मत दिखाई और वहां विरोध करते हुए चिल्लाने लगे। हंगामा होते देख आरोपी भाग गए और प्रोफेसर को वही छोड़कर फरार हो गए।
टीचर और CAF जवान ने मिलकर रची थी साजिश
जांच में खुलासा हुआ कि CAF जवान करन दिनकर ढाई साल से अपनी ड्यूटी पर नहीं गया था और कर्ज में डूबा हुआ था। बोरसी स्कूल के शिक्षक कार्तिकेश्वर रात्रे को जब उसकी स्थिति का पता चला तो उसने प्रोफेसर के सीधापन का फायदा उठाने की योजना बनाई।
दोनों ब्याज पर पैसा देने का काम भी करते थे। रात्रे की ससुराल से प्रोफेसर से पहचान थी, इसी वजह से उन्हें टारगेट बनाया गया। घटना में 3 और युवक शामिल थे, जिनमें से एक नाबालिग भी था जिसने कॉलेज से निकलते वक्त प्रोफेसर की रेकी कर इनपुट दिया।
सभी आरोपी गिरफ्तार, एक नाबालिग भी शामिल
गिरफ्तार आरोपियों में—
- करन दिनकर (29) – CAF जवान, पैसों की जरूरत थी
- कार्तिकेश्वर रात्रे (35) – टीचर, पूरी साजिश का मास्टरमाइंड
- अरुण मनहर (19) – प्रोफेसर के घर चेक लेने गया
- श्याम जी सिन्हा (24) – वारदात में सहयोगी
- एक नाबालिग – प्रोफेसर की रेकी की
SDOP यदुमणि सिदार ने बताया कि सभी आरोपियों ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है। सभी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। आरोपियों के पुराने आपराधिक रिकॉर्ड की भी जांच की जा रही है।



