पारदर्शी व्यवस्था से खुशहाल किसान : 3100 रुपये समर्थन मूल्य पर नंद कुमार ने जताया मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के प्रति आभार

रायपुर, 02 दिसंबर 2025/मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ सरकार की पारदर्शी और किसान हितैषी धान खरीदी व्यवस्था का सकारात्मक प्रभाव प्रदेशभर में दिखाई दे रहा है। खरीफ विपणन वर्ष 2025-26 के तहत 15 नवंबर से शुरू हुई धान खरीदी में नारायणपुर जिले के 17 उपार्जन केंद्रों में बारदाना, छाया, पेयजल और मेडिकल किट जैसी सभी आवश्यक सुविधाएँ उपलब्ध कराई गई हैं।
धान खरीदी को सरल और पारदर्शी बनाने के लिए लागू की गई ऑनलाइन टोकन प्रणाली ने किसानों को लंबी कतारों और अनावश्यक प्रतीक्षा से राहत दी है। नोडल अधिकारियों की नियमित मॉनिटरिंग के चलते किसानों को किसी प्रकार की समस्या का सामना नहीं करना पड़ा। वहीं धान विक्रय के बाद भुगतान सिर्फ दो दिनों में किसानों के खातों में अंतरित किया जा रहा है, जिससे बिचौलियों पर निर्भरता समाप्त हो रही है।
नारायणपुर जिले के माहका उपार्जन केंद्र में धान बेचने पहुंचे किसान नंद कुमार शर्मा ने खरीदी व्यवस्था पर संतोष व्यक्त किया। पाँच एकड़ खेत से इस वर्ष 60 क्विंटल धान उत्पादन करने वाले नंद कुमार ने बताया कि 3100 रुपये प्रति क्विंटल समर्थन मूल्य और 21 क्विंटल प्रति एकड़ मानक से किसानों को वास्तविक लाभ मिल रहा है। उन्होंने कहा कि ऑनलाइन टोकन प्रणाली ने पूरी प्रक्रिया को बेहद आसान कर दिया है और केंद्रों पर उपलब्ध सुविधाएँ भी संतोषजनक हैं।
नंद कुमार ने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के प्रति आभार जताते हुए कहा कि सरकार की यह पहल किसानों को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में मजबूत कदम है। उन्होंने बताया कि धान बिक्री से प्राप्त राशि का उपयोग वे खेती में सुधार और पारिवारिक आवश्यकताओं को पूरा करने में करेंगे।
केंद्र में उपस्थित अन्य किसानों ने भी खरीदी व्यवस्था की सराहना करते हुए उम्मीद जताई कि सरकार भविष्य में भी इसी तरह सुदृढ़ और सुविधाजनक प्रणाली को जारी रखेगी, जिससे किसानों का सरकार पर विश्वास और मजबूत होगा।



