
नई दिल्ली/रायपुर, 25 नवंबर 2025 — मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने आज दिल्ली में केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से मुलाक़ात कर छत्तीसगढ़ में रेल सुविधाओं के विस्तार, नए प्रोजेक्ट्स की प्रगति और प्रगतिरत परियोजनाओं के शीघ्र पूर्ण होने पर विस्तृत चर्चा की। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में स्वीकृत सभी परियोजनाओं को समयबद्ध तरीके से आगे बढ़ाना प्रदेश की ज़रूरत है, ताकि नागरिकों, उद्योगों और व्यवसायों को बेहतर व सुरक्षित परिवहन सुविधा मिल सके। रेल मंत्री ने आश्वस्त किया कि मंत्रालय छत्तीसगढ़ में कनेक्टिविटी को और मजबूत करने के लिए तेजी से कार्य कर रहा है।
मुख्यमंत्री के साथ प्रमुख सचिव सुबोध कुमार सिंह, सचिव राहुल भगत और वाणिज्य एवं उद्योग विभाग के सचिव रजत कुमार भी उपस्थित रहे।
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ का रेल नेटवर्क अभूतपूर्व गति से विकसित हो रहा है। उन्होंने बताया कि रायपुर–जबलपुर एक्सप्रेस की शुरुआत से पर्यटन, शिक्षा और व्यापार को नई गति मिली है। वर्ष 2014 से 2030 के बीच राज्य में रेल लाइन का विस्तार दोगुना होने जा रहा है, जबकि 1853 से 2014 तक केवल 1100 किलोमीटर का विस्तार हुआ था। पिछले दस वर्षों में राज्य के रेल बजट में 22 गुना वृद्धि और वर्ष 2025–26 में 6,925 करोड़ रुपये का ऐतिहासिक आवंटन इस बदलाव का प्रमाण है।
प्रदेश में 47,447 करोड़ रुपये से अधिक की कई बड़े प्रोजेक्ट्स तेज़ी से आगे बढ़ रहे हैं—
• खरसिया–नवा रायपुर–परमालकसा
• गेवरा–पेंड्रा
• रावघाट–जगदलपुर
• खरसिया–धरमजयगढ़
• बिलासपुर–झारसुगुड़ा चौथी लाइन
इन परियोजनाओं से राज्य की रेल कनेक्टिविटी को नई ऊँचाई मिलने वाली है।
अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत रायपुर, बिलासपुर, दुर्ग सहित 32 रेलवे स्टेशनों का आधुनिक पुनर्विकास जारी है, जिससे यात्रियों को जल्द ही विश्वस्तरीय सुविधाएँ मिलेंगी।
मुख्यमंत्री ने 3 करोड़ जनता की ओर से प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव के प्रति आभार जताते हुए कहा कि आने वाले वर्षों में छत्तीसगढ़ देश के सबसे महत्वपूर्ण रेल कॉरिडोर वाले राज्यों में शामिल होगा। कनेक्टिविटी का यह विस्तार औद्योगिक, आर्थिक, सामाजिक और पर्यटन क्षमता को नई ऊर्जा देगा।



