छत्तीसगढ़

छत्तीसगढ़ स्थापना के रजत जयंती वर्ष में राज्य स्तरीय आवास मेला आज से 2,000 करोड़ की नई योजनाओं और नवीन आबंटी पोर्टल का शुभारंभ

रायपुर, 22 नवंबर 2025/ छत्तीसगढ़ गृह निर्माण मंडल 23 से 25 नवंबर 2025 तक राजधानी रायपुर के बी.टी.आई. ग्राउंड, शंकर नगर में राज्य स्तरीय आवास मेला आयोजित करेगा। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और आवास एवं पर्यावरण मंत्री ओ.पी. चौधरी के मार्गदर्शन में यह मेला प्रदेशवासियों को सुलभ और किफायती आवास उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।

इस मेले में प्रदेशभर की आवासीय और व्यावसायिक संपत्तियों की जानकारी, स्पॉट बुकिंग, बैंक ऋण सहायता और पंजीकरणकर्ताओं के लिए विशेष उपहार जैसी सुविधाएँ उपलब्ध होंगी। हाउसिंग बोर्ड द्वारा लगभग 2,000 करोड़ रुपए की नई आवासीय योजनाओं का शुभारंभ किया जाएगा, जिनमें 70 प्रतिशत आवास कमजोर आय वर्ग के लोगों के लिए आरक्षित रहेंगे।

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि यह मेला “सबके लिए आवास” के संकल्प को साकार करने में ऐतिहासिक अवसर साबित होगा। उन्होंने नवीन आबंटी पोर्टल और नई योजनाओं की शुरुआत को प्रदेशवासियों के लिए बड़ा बदलाव करार दिया।

आवास एवं पर्यावरण मंत्री ओ.पी. चौधरी ने कहा कि सरकार का लक्ष्य है कि वर्ष 2027 तक प्रत्येक परिवार के पास अपना पक्का घर हो। गृह निर्माण मंडल अध्यक्ष अनुराग सिंह देव ने कहा कि राज्योत्सव-2025 में जनता का उत्साहजनक प्रतिसाद हाउसिंग बोर्ड की योजनाओं में बढ़ती विश्वास की पुष्टि करता है।

छत्तीसगढ़ गृह निर्माण मंडल का यह राज्य स्तरीय आवास मेला प्रदेश की आवासीय विकास यात्रा में एक नया अध्याय जोड़ेगा और “सबके लिए आवास” के लक्ष्य को साकार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

IMG 20250811 172353
Manish Tiwari

Show More

Related Articles

Back to top button