छत्तीसगढ़ के साहित्य जगत को गौरव: विनोद कुमार शुक्ल को ज्ञानपीठ पुरस्कार, मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने दी बधाई

रायपुर, 21 नवंबर 2025/ छत्तीसगढ़ के प्रख्यात साहित्यकार विनोद कुमार शुक्ल को साहित्य जगत का सर्वोच्च सम्मान, ‘ज्ञानपीठ पुरस्कार’, प्रदान किए जाने पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने उन्हें हार्दिक बधाई और शुभकामनाएँ दी हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि विनोद कुमार शुक्ल हिंदी साहित्य की उस विराट परंपरा के प्रतिनिधि हैं, जिन्होंने अपनी सादगी, संवेदना और अद्भुत लेखन-शक्ति से साहित्य की दुनिया में एक अलग मुकाम बनाया है। उनकी लेखनी ने न केवल हिंदी भाषा को समृद्ध किया है, बल्कि पाठकों की अनेक पीढ़ियों को गहराई से प्रभावित किया है।
मुख्यमंत्री ने कहा, “यह हम सभी प्रदेशवासियों के लिए गर्व का क्षण है कि हमारे ही लेखक को यह सर्वोच्च साहित्यिक सम्मान प्राप्त हुआ। यह पुरस्कार उनके साहित्यिक योगदान को मान्यता देता है।”
उन्होंने विनोद कुमार शुक्ल के सुदीर्घ, स्वस्थ और सक्रिय जीवन की कामना करते हुए कहा कि उनका रचनात्मक योगदान आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा का स्रोत बना रहेगा।



