छत्तीसगढ़

कवर्धा में साइबर शरारती गिरफ्तार: सतनामी समाज पर भड़काऊ पोस्ट और महिला की इंस्टा आईडी हैक करने वाला आरोपी नागपुर से दबोचा गया, पुलिस ने निकाला जुलूस

कवर्धा। सतनामी समाज के खिलाफ सोशल मीडिया पर भड़काऊ टिप्पणी करने और एक महिला की इंस्टाग्राम आईडी हैक कर अशोभनीय पोस्ट डालने वाले साइबर शरारती को कबीरधाम पुलिस ने नागपुर से गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी कई दिनों से पुलिस की पकड़ से बचने की कोशिश कर रहा था, लेकिन तकनीकी निगरानी और मोबाइल लोकेशन ट्रैकिंग के आधार पर आखिरकार वह पुलिस के जाल में फंस गया। गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने आरोपी का जुलूस भी निकाला और उसे कोर्ट में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।

शिकायत दर्ज, गंभीर धाराओं में मामला कायम
ग्राम भिभौरी की एक महिला ने थाना लोहारा में शिकायत की थी कि मोबाइल नंबर 7058432636 धारक ने उसकी इंस्टाग्राम आईडी का पासवर्ड प्राप्त कर समाज विशेष के विरुद्ध भड़काऊ टिप्पणी पोस्ट की और उसके फोटो पर अश्लील शब्द लिखकर अपलोड किया। मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने आरोपी के खिलाफ बीएनएस की धारा 296, 299, 352 तथा आईटी एक्ट की धारा 65 के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू की।

तकनीकी साक्ष्य से आरोपी पकड़ा गया
पुलिस अधीक्षक धर्मेंद्र सिंह के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पुष्पेंद्र बघेल, पंकज पटेल और एसडीओपी प्रतीक चतुर्वेदी के मार्गदर्शन में लोहारा थाना प्रभारी मनीष मिश्रा के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। टीम ने मोबाइल लोकेशन और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपी सागर बारा पात्रे (35 वर्ष), निवासी लकड़गंज, नागपुर को उसकी सकुनत से गिरफ्तार किया।

पूछताछ में किया सच स्वीकार, मोबाइल जब्त
पूछताछ में आरोपी ने महिला की इंस्टाग्राम आईडी हैक करने और सामाजिक वैमनस्य फैलाने वाली पोस्ट डालने की बात स्वीकार कर ली। पुलिस ने उसके कब्जे से एक मोबाइल फोन भी जब्त किया है। आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।

कबीरधाम पुलिस ने चेतावनी देते हुए कहा है कि सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाने, समाज विशेष को अपमानित करने और किसी की आईडी हैक कर पोस्ट करने वालों पर कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

IMG 20250811 172353
Manish Tiwari

Show More

Related Articles

Back to top button